भूकंप से तबाह वेनेजुएला के लिए भारत ने भेजी मदद, C-17 ग्लोबमास्टर से राहत सामग्री और ‘भीष्म क्यूब’ लेकर पहुंची टीम

Jun 28, 2026 - 15:08
भूकंप से तबाह वेनेजुएला के लिए भारत ने भेजी मदद, C-17 ग्लोबमास्टर से राहत सामग्री और ‘भीष्म क्यूब’ लेकर पहुंची टीम

NEWS DESK : भूकंप से भारी तबाही झेल रहे वेनेजुएला की सहायता के लिए भारत ने ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ शुरू किया है. इस अभियान के तहत भारतीय वायुसेना राहत सामग्री, दवाइयां और मेडिकल टीम लेकर वेनेजुएला पहुंची है ताकि वहां चल रहे राहत और बचाव कार्यों को मजबूती मिल सके. 

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि भारत की ओर से भेजी गई फील्ड हॉस्पिटल यूनिट, चिकित्सा उपकरण, दवाइयां और राहत सामग्री जरूरतमंद लोगों तक पहुंच गई हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे प्रभावित लोगों को समय पर इलाज और जरूरी सहायता मिल सकेगी.

कोट डी आइवर में स्थित भारतीय दूतावास के मुताबिक भारतीय वायुसेना के दो सी-17 ग्लोबमास्टर विमान आबिदजान के रास्ते वेनेजुएला पहुंचे. इन विमानों में करीब 35 टन राहत सामग्री, भारतीय सेना की 41 सदस्यीय मेडिकल टीम और दो ‘भीष्म क्यूब’ भेजे गए हैं. इस मेडिकल दल में 9 डॉक्टर भी शामिल हैं. यह टीम आपातकालीन इलाज, गंभीर रूप से घायल लोगों की देखभाल, ट्रॉमा प्रबंधन, जीवनरक्षक सर्जरी और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं देने में सक्षम है.

भारत ने वेनेजुएला को दिए ‘भीष्म क्यूब’

भारत की ओर से भेजी गई टीम अपने साथ करीब 6 टन दवाइयां और अन्य आवश्यक चिकित्सा सामग्री भी लेकर गई है. भारत ने आरोग्य मैत्री परियोजना के तहत विकसित ‘भीष्म क्यूब’ भी वेनेजुएला भेजे हैं. ये पोर्टेबल मेडिकल यूनिट आपदा के समय तेजी से अस्थायी अस्पताल स्थापित करने और बड़ी संख्या में मरीजों का इलाज करने में मदद करते हैं. 

भारतीय दूतावास ने कहा कि ऑपरेशन अमिस्ताद भारत की उस नीति का हिस्सा है, जिसके तहत वह प्राकृतिक आपदा या संकट के समय मित्र देशों की तुरंत सहायता करता है. यह अभियान मानवीय सहायता और आपदा राहत के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है.

हाल ही में वेनेजुएला में कुछ ही क्षणों के अंतराल पर दो शक्तिशाली भूकंप आए थे. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक पहले भूकंप की तीव्रता 7.1 और दूसरे की 7.5 मापी गई. दोनों झटकों का केंद्र राजधानी कराकस से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में स्थित मोरोन शहर के पास था. 

भूकंप की गहराई केवल 10 किलोमीटर होने के कारण भारी तबाही हुई. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इस आपदा में अब तक 1,430 लोगों की मौत हो चुकी है, 3,238 लोग घायल हुए हैं और 3,142 परिवार प्रभावित हुए हैं. इसके अलावा मुख्य भूकंप के बाद अब तक 430 आफ्टरशॉक भी दर्ज किए जा चुके हैं, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की चिंता अभी भी बनी हुई है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0