बिहार में अचानक बिगड़ी तीन छात्राओं की तबीयत, दो की मौत, एक की हालत नाजुक
सीतामढ़ी : बिहार के सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब कोचिंग से घर लौटने के बाद तीन छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई. तीनों को आनन-फानन में इलाज के लिए अलग-अलग निजी क्लीनिक और अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान दो किशोरियों की मौत हो गई, जबकि तीसरी छात्रा की हालत गंभीर है.
दो छात्राओं की मौत
बाजपट्टी पीएचसी के चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार ने छात्राओं के किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. मृत छात्राओं की पहचान बाजितपुर गांव निवासी के रूप में हुई है. बाजपट्टी पीएचसी के डॉक्टर की माने तो परिजनों के मुताबिक, तीनों छात्राएं कोचिंग से लौटने के बाद अचानक बीमार पड़ गईं और कुछ ही देर में बेहोश हो गईं. हो सकता है उन्होंने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया हो
अचानक बिगड़ी तीनों छात्राओं की तबीयत
जानकारी के अनुसार, बाजितपुर गांव की तीन किशोरियां शुक्रवार को रोज की तरह कोचिंग पढ़ने के लिए गई थी. कोचिंग से वापस घर लौटने के बाद अचानक तीनों की तबीयत खराब होने लगी. परिजनों ने बताया कि छात्राओं को अचानक कमजोरी और बेचैनी महसूस हुई, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ती चली गई. देखते ही देखते तीनों बेहोश हो गईं.
अस्पताल ले जाने के दौरान मौत
परिजनों के अनुसार 15 वर्षीय किशोरी को इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं 16 वर्षीय दूसरी किशोरी को परिजन बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत और बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया. इसके बाद परिजन शव को वापस लेकर गांव पहुंचे.
तीसरी छात्रा की हालत गंभीर
इधर, घटना में बीमार हुई तीसरी छात्रा का इलाज एक निजी क्लीनिक में चल रहा है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने भी मामले की जानकारी ली है. पुलिस छात्राओं के अचानक बीमार पड़ने और दो की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका
बाजपट्टी पीएचसी के चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि छात्राओं के लक्षणों को देखते हुए किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका है. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि छात्राओं ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया था या किसी अन्य वजह से उनकी तबीयत अचानक खराब हुई. घटना की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और मेडिकल जांच से स्पष्ट हो सकती थी। हालांकि, परिजनों ने दोनों मृत छात्राओं का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. इसके बाद परिजनों की ओर से लिखित आवेदन दिए जाने पर पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिए.
मौत की वजह को लेकर कई सवाल
एक साथ तीन छात्राओं के अचानक बीमार पड़ने और उनमें से दो की मौत होने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. तीनों छात्राएं कोचिंग से लौटने के बाद ही अचानक बीमार हुईं. ऐसे में पुलिस के सामने यह पता लगाना होगा कि उन्होंने रास्ते में या कोचिंग के दौरान कुछ खाया-पिया था या नहीं. हालांकि, फिलहाल किसी तरह के जहरीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि नहीं हुई है.
क्या कहती है पुलिस
बाजपट्टी थानाध्यक्ष अमृत पाल ने बताया कि घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों के द्वारा जानकारी दी गई है. मामले को लेकर सीतामढ़ी अस्पताल से भी घटना की जानकारी मिली और परिजनों के द्वारा लिखित दिया गया कि पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







