भारी बारिश में ध्वस्त हुआ लातेहार का कुसुमटांड़ डैम, कई एकड़ भूमि में भर गया बालू, किसानों को भारी नुकसान
LATEHAR : लातेहार के सदर प्रखंड के ओरया गांव में स्थित कुसुमटांड़ डैम भारी बारिश से ध्वस्त हो गया. इस कारण स्थानीय किसानों को काफी नुकसान हुआ है. डैम टूटने से बांध के किनारे स्थित कई एकड़ जमीन में पूरी तरह बालू भर गया है. फसल के साथ-साथ खेत भी बर्बाद होने से किसानों पर दोहरी मुसीबत आ गई है.
दरअसल, लातेहार जिले में पिछले तीन दिनों में जबरदस्त बारिश हुई. बताया जाता है कि इस डैम में पहाड़ी पानी स्टोर होता था. लगातार 48 घंटे तक मूसलाधार बारिश के कारण पानी के तेज दबाव के कारण बांध का एक भाग अचानक टूट गया. बांध टूटने के कारण डैम के किनारे स्थित कई एकड़ भूमि में लगे फसल तो बर्बाद हो ही गए, किसानों के खेत भी पूरी तरह बर्बाद हो गए.
किसानों को पड़ी दोहरी मार
बांध टूटने के कारण डैम के पानी के साथ बह कर आई रेत किसानों के खेत में फैल गया. जिससे खेत में अब खेती करना भी लगभग असंभव हो गया है. एक साथ पड़ी दोहरी मार के कारण किसान आर्थिक और मानसिक दोनों रूप से परेशान हो गए हैं. स्थानीय किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले में उचित कार्रवाई करते हुए किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा दिलवाया जाए. साथ ही साथ डैम को भी दुरुस्त करवाने की मांग किसानों ने की है.
किसानों ने कहा- सब कुछ हो गया बर्बाद
इधर डैम टूटने के बाद खेत और फसल दोनों बर्बाद होने से किसान मायूस हैं. स्थानीय किसानों तेतरी देवी, संगीता देवी, सुनीता देवी और दिलबसिया देवी आदि ने बताया कि डैम टूटने के बाद उनके फसल और खेत दोनों बर्बाद हो गए. अब उनके समक्ष रोजी रोजगार की भी समस्या आ पड़ी है. महिलाओं ने बताया कि 500 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बीज लेकर उन लोगों ने अपने खेतों में धान की खेती की थी.
किसानों ने कहा कि बारिश नहीं हो रही थी तो डीजल पंप से खेत में सिंचाई कर धान लगाए थे. लेकिन जोरदार बारिश होने के बाद डैम टूट गया और उनके खेत भी पूरी तरह बर्बाद हो गए. खेत में लगाए गए धान बालू में दब गए. महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि मामले में संज्ञान लेते हुए किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाए.
मामले की करवा रहे हैं जांच: कार्यपालक अभियंता
इस संबंध में लघु सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता किशुन मुंडा से जब मामले की जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि इसकी सूचना अभी ही उन्हें मिली है. मामले की जांच करवा रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह भी पता लगवा रहे हैं कि डैम का निर्माण किस विभाग ने किया था. जांच के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







