झारखंड में 15 नवंबर से रोजगार अभियान की शुरुआत, 14 दिनों तक गांवों में मिलेगा रोजगार; 125 दिनों के काम पर रहेगा फोकस

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के ग्रामीण परिवारों और श्रमिकों के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है। इसके तहत 15 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक राज्यव्यापी 'रोजगार सृजन अभियान' चलाया जाएगा। विकसित भारत-जी राम जी (VB-GRAMG) योजना के अंतर्गत आयोजित इस विशेष अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करना और ग्रामीण परिवारों की आजीविका को मजबूत करना है। अभियान के दौरान सभी जिलों में विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

Nov 13, 2026 - 17:35
झारखंड में 15 नवंबर से रोजगार अभियान की शुरुआत, 14 दिनों तक गांवों में मिलेगा रोजगार; 125 दिनों के काम पर रहेगा फोकस

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के ग्रामीण परिवारों और श्रमिकों के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है। इसके तहत 15 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक राज्यव्यापी 'रोजगार सृजन अभियान' चलाया जाएगा। विकसित भारत-जी राम जी (VB-GRAMG) योजना के अंतर्गत आयोजित इस विशेष अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करना और ग्रामीण परिवारों की आजीविका को मजबूत करना है। अभियान के दौरान सभी जिलों में विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

गांव-गांव में चलेगा जागरूकता अभियान

राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के दौरान अभियान की शुरुआत की जाएगी। इसके तहत ग्राम पंचायतों में प्रभात फेरी निकालकर ग्रामीणों को योजना के प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। इसमें 125 दिनों के रोजगार, महिलाओं की भागीदारी, समय पर मजदूरी भुगतान और 300 रुपये की दैनिक मजदूरी दर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया जाएगा।

इसके अलावा ग्राम पंचायत भवनों में दो से तीन विशेष काउंटर लगाए जाएंगे। इन काउंटरों के माध्यम से ग्रामीणों को योजना की जानकारी देने के साथ व्यक्तिगत और सामुदायिक योजनाओं के लिए आवेदन भी प्राप्त किए जाएंगे।

विशेष ग्राम सभा में लिए जाएंगे रोजगार के आवेदन

अभियान के दौरान सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। यहां श्रमिकों से काम के आवेदन और रोजगार गारंटी कार्ड के लिए आवेदन लिए जाएंगे। इसके साथ ही लंबित रोजगार कार्ड जारी करने, आधार सत्यापन पूरा करने और श्रमिकों की शिकायतों का निपटारा करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

प्रशासन का फोकस ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की मांग के अनुरूप योजनाओं को जल्द स्वीकृति देकर काम शुरू कराने पर रहेगा।

सिंचाई कूप से लेकर सड़क और जल संरक्षण योजनाओं को मिलेगी गति

अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके तहत बिरसा हरित ग्राम योजना, आंगनबाड़ी केंद्र, सिंचाई कूप, जीएसबी सड़क, नाला पुनर्जीवन, स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच और ड्राई बोरवेल रिचार्ज पिट जैसी अनुमेय योजनाओं को तकनीकी और प्रशासनिक स्वीकृति देकर धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।

विशेष रूप से उन गांवों पर ध्यान दिया जाएगा, जहां अब तक परिसंपत्ति निर्माण का काम बहुत कम हुआ है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है।

100 दिन काम करने वाले मजदूरों को मिलेगा सम्मान

अभियान के समापन पर ग्राम पंचायत स्तर पर उन मजदूरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने पिछले वित्तीय वर्ष में योजना के तहत 100 दिनों का काम पूरा किया है। इसके अलावा बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेट को भी सम्मानित किया जाएगा।

प्रत्येक रोजगार गारंटी कार्डधारी के लिए VB-GRAMG से संबंधित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं, जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों को भी सम्मान मिलेगा।

दो जिलों को राज्य स्तर पर मिलेगा विशेष पुरस्कार

राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले दो जिलों को विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए दो श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। पहली श्रेणी में अधिकतम रोजगार सृजन करने वाले जिले और दूसरी श्रेणी में सबसे अधिक योजनाओं को स्वीकृति देने वाले जिले को सम्मानित किया जाएगा।

इस राज्यव्यापी अभियान के माध्यम से सरकार का लक्ष्य ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने, आजीविका सुरक्षा मजबूत करने और गांवों में स्थायी विकास कार्यों को बढ़ावा देना है। विभाग को उम्मीद है कि जनभागीदारी और विभिन्न विभागों के समन्वय से यह अभियान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0