झारखंड स्थापना दिवस पर 15 से 28 नवंबर तक होंगे कई कार्यक्रम, ‘Run For Cleanliness’ से होगी शुरुआत; खेलगांव में 28 नवंबर को मुख्य आयोजन
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2026 और वर्तमान सरकार के दूसरे वर्षगांठ के अवसर पर राज्यभर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की शुरुआत 15 नवंबर को ‘Run For Cleanliness’ यानी स्वच्छता दौड़ से होगी। वहीं, 28 नवंबर 2026 को रांची के खेलगांव में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास, शुभारंभ और लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा।
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2026 और वर्तमान सरकार के दूसरे वर्षगांठ के अवसर पर राज्यभर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की शुरुआत 15 नवंबर को ‘Run For Cleanliness’ यानी स्वच्छता दौड़ से होगी। वहीं, 28 नवंबर 2026 को रांची के खेलगांव में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास, शुभारंभ और लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा।
सरकार की ओर से जारी कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, 15 नवंबर को सुबह 7 बजे से 8 बजे तक झारखंड के सभी जिलों में स्वच्छता दौड़ का आयोजन होगा। प्रत्येक जिले में किसी महत्वपूर्ण स्थल या चौक-चौराहे से दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के प्रमुख छठ घाटों की सफाई भी की जाएगी।
17 से 25 नवंबर तक खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं
स्थापना दिवस पखवाड़ा के दौरान 17 नवंबर से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें खेलकूद प्रतियोगिता, नाटक, नृत्य-संगीत और निबंध लेखन सहित कई गतिविधियां शामिल रहेंगी।
जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों और टीमों को 26 एवं 27 नवंबर को खेलगांव, रांची में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। विजेता टीमों को मुख्य समारोह के दौरान पुरस्कृत किया जाएगा।
26 से 28 नवंबर तक लगेगा मेला-सह-प्रदर्शनी
26 नवंबर से 28 नवंबर तक खेलगांव, रांची में मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक जिले का एक-एक स्टॉल भी स्थापित किया जाएगा।
विभागीय स्टॉलों के माध्यम से सरकार की ओर से संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों और जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी आम लोगों को दी जाएगी। वहीं, जिला स्तरीय स्टॉलों में संबंधित जिलों के विशिष्ट उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके साथ ही अन्य विषयों पर केंद्रित स्टॉल भी लगाए जाएंगे, ताकि आम लोगों को विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी मिल सके।
28 नवंबर को मुख्य समारोह, लाभुकों को मिलेंगी परिसंपत्तियां
सरकार के दूसरे वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को खेलगांव, रांची में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी होगा।
इसके अलावा पंचायत, प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
26 से 28 नवंबर तक सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, 26 नवंबर से 28 नवंबर तक खेलगांव, रांची में सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से झारखंड की कला, संस्कृति और परंपरा को प्रदर्शित किया जाएगा।
इस तरह 15 नवंबर से शुरू होकर 28 नवंबर तक चलने वाले कार्यक्रमों के जरिए राज्य स्थापना दिवस और सरकार के दूसरे वर्षगांठ को व्यापक स्तर पर मनाने की तैयारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0








