मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का निधन, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आई मौत की वजह, कल होगा अंतिम संस्कार

तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनका अंतिम संस्कार कल (गुरुवार) दोपहर 12:30 बजे लखनऊ के पिपरा घाट पर होगा.

May 13, 2026 - 17:43
मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का निधन, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आई मौत की वजह, कल होगा अंतिम संस्कार

NEWS DESK : समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वह करीब 38 वर्ष के थे। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनका अंतिम संस्कार कल (गुरुवार) दोपहर 12:30 बजे लखनऊ के पिपरा घाट पर होगा.

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आई मौत की वजह

प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह सामने आ गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, मैसिव पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म के कारण कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स हुआ, यानी फेफड़ों की नस में खून का थक्का जमने से दिल और सांस दोनों रुक गए. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, पूरे हृदय और पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिक मटेरियल को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए फॉर्मेलिन में सुरक्षित रखा गया है. वहीं विसरा को केमिकल एनालिसिस के लिए सुरक्षित कर संबंधित जांच टीम को सौंप दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह भी साफ किया गया है कि शरीर पर मिले सभी चोटों के निशान एंटेमॉर्टम यानी मृत्यु से पहले के हैं.

प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव सिविल अस्पताल पहुंचे। बाद में उनका शव पोस्टमॉर्टम के लिए केजीएमयू ले जाया गया। पिछले कुछ वक्त से प्रतीक यादव बीमार चल रहे थे. कुछ हफ़्ते पहले, उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां अखिलेश यादव भी उनसे मिलने गए थे. जब उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ, तो उन्हें वापस घर ले आया गया था.

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रतीक अपनी मेहनत से पहचान बनाना चाहते थे और उनका निधन बेहद दुखद है। अखिलेश यादव से जब जांच के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि परिवार जो फैसला करेगा, उसी के अनुरूप काम किया जाएगा. 

प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर को उनके आवास लाने के बाद समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव श्रद्धांजलि देने पहुंचीं. इधर सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने मामले की जांच हाई कोर्ट के किसी रिटायर्ड जज से कराने की मांग की है. 

तबीयत खराब होने पर प्रतीक को सुबह अस्पताल ले जाया गया था

बताया जा रहा है कि तबीयत खराब होने पर प्रतीक को सुबह सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनकी मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. सिविल अस्पताल के निदेशक डॉक्टर जीसी गुप्ता ने बताया कि प्रतीक को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था. 

डॉक्टर जीसी गुप्ता ने कहा कि ‘हमने जरूरी प्रक्रियाओं का पालन किया और मृत्यु की पुष्टि होने के बाद हमने वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस को सूचित किया. 

कौन थे प्रतीक यादव?

प्रतीक यादव सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे. प्रतीक की पत्नी भाजपा नेता अपर्णा यादव इस वक्त उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं. ‘फिटनेस’ के शौकीन प्रतीक बेहद प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद सियासत से दूर रहते थे.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0