Jharkhand News : कुर्सी छोड़ सीढ़ियों तक पहुंचे पलामू DC, दिव्यांग महिला की सुनी फरियाद, हक्के-बक्के रह गये अधिकारी
PALAMU : पलामू समाहरणालय सभागार में बुधवार को आयोजित ‘जन समाधान दिवस’ उस वक्त खास बन गया, जब जिला प्रशासन का मानवीय चेहरा सबके सामने आया। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने न सिर्फ एक दिव्यांग महिला की समस्या सुनी बल्कि संवेदनशीलता का परिचय देते हुए खुद सीढ़ियों पर बैठकर उसकी फरियाद सुनी।
दिव्यांग महिला तक खुद पहुंचे DC
कार्यक्रम के दौरान सूचना मिली कि शहर की रहने वाली शीला कुमारी, जो दोनों पैरों से अक्षम हैं, सभागार तक नहीं पहुंच पा रही हैं और नीचे ही इंतजार कर रही हैं। यह जानकारी मिलते ही उपायुक्त ने बिना देर किए कार्यक्रम को बीच में रोका और सीधे नीचे पहुंच गए। उन्होंने सीढ़ियों पर बैठकर महिला की पूरी बात ध्यानपूर्वक सुनी, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
मौके पर ही समाधान का निर्देश
उपायुक्त ने समस्या सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने महिला को भरोसा दिलाया कि अब उसे बार-बार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे। साथ ही अधिकारियों को भी स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी मामले को लंबित न रखा जाए।
अन्य मामलों में भी त्वरित कार्रवाई
जन समाधान दिवस में जमीन विवाद, भूमि पैमाइश, लगान रसीद की गड़बड़ी, रास्ता विवाद और मुआवजे में देरी जैसे कई मामलों की सुनवाई की गई। कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया, जबकि जटिल मामलों में संबंधित अधिकारियों को तुरंत फोन कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
लापरवाही पर सख्त चेतावनी
उपायुक्त ने अधिकारियों को साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासनिक जिम्मेदारी को संवेदनशीलता के साथ निभाने पर जोर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











