भू-माफियाओं और अपराधियों को वित्त मंत्री की चेतावनी, बोले- कानून से ऊपर कोई नहीं, सही जगह जेल
PALAMU : झारखण्ड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शने वाली नहीं है। सोमवार को पाटन प्रखंड स्थित चेतमा पिकेट में तैनात जवानों के लिए 10 कूलर और एक वाटर प्यूरीफायर (आरओ) उपलब्ध कराते हुए उन्होंने अपराध और अवैध जमीन कब्जाने की घटनाओं पर कड़ी चेतावनी दी।
जमीन कब्जाने वालों पर बरसे वित्त मंत्री
राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि कुछ लोग दबंगई और प्रभाव के दम पर गरीबों एवं कमजोर वर्ग के लोगों की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों के लिए सरकार की नीति पूरी तरह स्पष्ट है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार कानून का राज स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी भू-माफिया या अपराधी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जो लोग आपराधिक गतिविधियों से बाज नहीं आएंगे, उन्हें प्रशासन और पुलिस की कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। जिले में अपराधियों और अवैध कब्जाधारियों के लिए कोई जगह नहीं है। कानून से ऊपर कोई नहीं है और जो लोग अपराध के दम पर अपना वर्चस्व कायम करना चाहते हैं, उनकी सही जगह जेल है।
पुलिस और प्रशासन को मिली पूरी छूट
वित्त मंत्री ने कहा कि पलामू जिला प्रशासन और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की पूरी स्वतंत्रता दी गई है। राज्य सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अवैध तरीके से किसी की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ऐसे मामलों में पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई करेगा।
जवानों के साहस और समर्पण की सराहना
चेतमा पिकेट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि झारखंड को नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौती से उबारने में जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर राज्य में शांति और विकास का मार्ग प्रशस्त किया है। ऐसे में उनकी सुविधाओं का ध्यान रखना सरकार और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से विधायक मद से चेतमा पिकेट में तैनात जवानों के लिए कूलर और आरओ उपलब्ध कराया गया है ताकि गर्मी के मौसम में उन्हें राहत मिल सके।
देर रात तक ड्यूटी करने वाले जवानों का किया जिक्र
राधाकृष्ण किशोर ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में वह अक्सर देर रात तक अपने विधानसभा क्षेत्र का दौरा करते हैं। उस दौरान जब अधिकांश लोग अपने घरों में आराम कर रहे होते हैं, तब पुलिस के जवान सड़कों और संवेदनशील क्षेत्रों में मुस्तैदी से ड्यूटी करते दिखाई देते हैं।
उन्होंने कहा कि जवानों की इसी प्रतिबद्धता और मेहनत की वजह से आम लोग सुरक्षित वातावरण में जीवन जी पा रहे हैं इसलिए उनकी जरूरतों और सुविधाओं का ध्यान रखना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है।
कानून का राज स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता
वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछड़े, शोषित और वंचित वर्गों को न्याय दिलाने के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











