छठ पूजा से पहले चाईबासा में प्रशासन अलर्ट, डीसी-एसपी ने घाटों का लिया जायजा; सुरक्षा से लेकर रोशनी तक की तैयारी तेज
चाईबासा: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, बिजली, सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
चाईबासा: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, बिजली, सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान गांधी टोला छठ घाट, करणी मंदिर छठ घाट और कुम्हार टोली छठ घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों, श्रद्धालुओं के आवागमन, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
घाटों पर हाई मास्ट लाइट और विशेष सफाई की व्यवस्था
उपायुक्त मनीष कुमार ने नगर परिषद के अधिकारियों को सभी छठ घाटों और आसपास के इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान संध्याकालीन और प्रातःकालीन अर्घ्य के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों के साथ-साथ वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर भी पर्याप्त रोशनी होनी चाहिए।
इसके लिए घाटों पर हाई मास्ट लाइट लगाने और पहले से लगी लाइटों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने को कहा गया। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त प्रकाश उपकरण लगाने का भी निर्देश दिया गया, ताकि सुबह और शाम के समय श्रद्धालुओं को अंधेरे में परेशानी नहीं हो।
महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, बुजुर्गों को मिलेगी वाहन सुविधा
छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने घाटों पर उपयुक्त स्थानों पर चेंजिंग रूम बनाने का निर्देश दिया। खासकर महिलाओं की निजता और सुविधा का ध्यान रखने पर जोर दिया गया। इसके अलावा बुजुर्गों और चलने-फिरने में परेशानी महसूस करने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवश्यकतानुसार वाहन सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया।
घाटों पर प्रभावी अनाउंसमेंट सिस्टम लगाने का भी निर्देश दिया गया है। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को समय-समय पर जरूरी सूचनाएं, सुरक्षा संबंधी निर्देश और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा सकेंगी।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर रहेगी पुलिस की नजर
पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने छठ घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रमुख छठ घाटों और संपर्क मार्गों पर जरूरत के अनुसार पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही वाहनों के अनियंत्रित आवागमन को रोकने, पार्किंग स्थल निर्धारित करने और यातायात नियंत्रण के लिए भी आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।
एसपी ने थाना प्रभारियों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने और घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीसी बोले- श्रद्धालुओं को नहीं होने दी जाएगी परेशानी
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, पवित्रता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिले। इसके लिए नगर परिषद और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, नगर परिषद उपाध्यक्ष विकास कुमार शर्मा, सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी संतोषनी मुर्मू, सदर एवं मुफस्सिल थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छठ पूजा के दौरान महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण माहौल में महापर्व संपन्न कर सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







