राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में दोषियों को मिले कड़ी सजा, बोला RSS, करोड़ों भक्तों का भरोसा बचाना जरूरी, पुलिस ने आरोपी अविनाश की कार की जब्त 

Jul 3, 2026 - 18:04
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में दोषियों को मिले कड़ी सजा, बोला RSS, करोड़ों भक्तों का भरोसा बचाना जरूरी, पुलिस ने आरोपी अविनाश की कार की जब्त 

NEWS DESK : अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने शुक्रवार को पहली बार बयान दिया। सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि रामलला मंदिर में रखे दानपात्रों में जमा राशि की चोरी दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे रामभक्तों की भावनाओं और श्रद्धा को आघात पहुंचा है। उनका भरोसा बचाना जरूरी है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें कठोर दंड मिलना चाहिए।

दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग और बलिदान से भव्य राम मंदिर बना है। ट्रस्ट मंदिर के प्रबंधन और संचालन व्यवस्था में मौजूद सभी कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए। करोड़ों रामभक्तों की आस्था और विश्वास को बनाए रखने के लिए वित्तीय प्रबंधन, संचालन प्रणाली और व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी, त्रुटिरहित और धर्मसम्मत होनी चाहिए।

इधर, अयोध्या में भाजपा नेता विनय कटियार ने कहा कि यह साफ है कि पैसों का गबन हुआ है। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा और आमंत्रित ट्रस्ट सदस्य गोपाल राव किसी कारण से बच गए, जेल नहीं गए। हो सकता है कि आगे जेल जाएं।

उन्होंने कहा कि मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रात 2 बजे बात हुई। पीएम ने पूछा कि अरे भाई, क्या-क्या होगा अब? मैंने उसने कहा कि कुछ नहीं, सब ठीक हो जाएगा। हालांकि, विनय कटियार बाद में एक न्यूज चैनल से बात करते हुए चंपत राय के जेल जाने वाले बयान से पलट गए। कटियार ने कहा कि मैंने यह नहीं कहा कि चंपत जेल जा सकते हैं।

इधर, स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) दूसरे दिन शुक्रवार को भी जांच के लिए मंदिर पहुंची है। सूत्रों के मुताबिक टीम गोपाल राव से पूछताछ कर रही है। वहीं, पुलिस शुक्रवार सुबह 9 बजे अयोध्या जेल पहुंची। आरोपी अविनाश शुक्ला को 24 घंटे की कस्टडी में लेकर पुलिस लाइन आई। 2 घंटे कड़ी पूछताछ की। फिर उसे लेकर प्रतापगढ़ रवाना हो गई।

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि अविनाश ने चढ़ावे में आए सोने-चांदी के जेवर और रकम ठिकाने लगाई है। पुलिस अविनाश को अयोध्या के योगा सेंटर भी ले गई और यहां जांच की। वहीं, पुलिस ने अविनाश शुक्ला की निशानदेही पर अयोध्या से ब्रेजा कार (UP42AP6054) बरामद की है। बताया जा रहा है कि वह इस कार का उपयोग पैसे लाने-ले जाने में भी करता था। उसने करीब 1 साल पहले यह कार खरीदी थी।

आरोपियों के घर बुलडोजर एक्शन की तैयारी

इधर, अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने चढ़ावा चोरी के आरोपी लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा के नए मकान पर बुलडोजर चलाने की तैयारी कर ली है। ADA ने लवकुश की पत्नी सुप्रिया मिश्रा को नोटिस भी जारी किया है। हालांकि, लवकुश की पत्नी का कहना है कि हमें कोई नोटिस नहीं मिला है। हमारे मकान का नक्शा पास है। हम चाहते हैं कि मेरे पति घर आ जाएं। भगवान से यही विनती है कि उन्हें कुछ न हो।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0