इक्फाई विश्वविद्यालय में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस

* डॉ.केके नाग व ट्राईबल क्वीन पूजा लकड़ा सम्मानित। * विद्यादान जैसी पहल से आदिवासी समुदाय हो रहे लाभान्वित : प्रो. ओआरएस राव।

Nov 16, 2022 - 07:37
इक्फाई विश्वविद्यालय में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस

रांची:

झारखंड के इक्फाई विश्वविद्यालय में मंगलवार को पारंपरिक उत्साह के साथ जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। इस अवसर पर रांची विश्वविद्यालय के शिक्षाविद और पूर्व कुलपति डॉ.केके नाग और ग्लोबल ट्राइबल क्वीन-2022 की विजेता पूजा लकड़ा को विश्वविद्यालय द्वारा सम्मानित किया गया। तत्पश्चात सिमलिया गांव के एक समूह द्वारा सरहुल गीत और लोक नृत्य की भव्य प्रस्तुति दी गई।
मौके पर विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा नागपुरी संस्कृति और परंपराओं को दर्शाते हुए गीत और समूह नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। झारखंड की संस्कृति और परंपराओं को दर्शाने के लिए छात्रों के बीच पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
समारोह में प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.ओआरएस राव ने कहा कि झारखंड में एक विश्वविद्यालय होने के नाते हम झारखंड की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित और बढ़ावा देने के इच्छुक हैं। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने प्रकृति, वन और भूमि के संरक्षण के लिए संघर्ष किया। देश के सतत विकास के लिए वे आदर्श पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं। प्रो.राव ने कहा कि विद्या दान जैसी पहल के माध्यम से पड़ोसी गांवों में आदिवासी समुदाय के उत्थान के लिए विश्वविद्यालय द्वारा उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा हम बॉश और एनएसडीसी के सहयोग से ग्रामीण युवाओं को विभिन्न कौशलों में प्रशिक्षित करने के लिए काम कर रहे हैं, ताकि वे रोजगार के योग्य हो सकें। अब तक झारखंड के विभिन्न जिलों में कौशल उद्यमियों द्वारा 8 से अधिक कौशल केंद्र स्थापित किए गए हैं।
छात्रों को संबोधित करते हुए डॉ.नाग ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने दिखाया कि 25 साल के छोटे जीवन काल में क्या किया जा सकता है। जनजातीय लोगों में उत्कृष्ट क्षमता है, जिसे पर्याप्त प्रशिक्षण और समर्थन के साथ उपयोग किया जा सकता है। यह भी महत्वपूर्ण है कि हम वैश्विक परिवार (वसुधैव कुटुम्बम) के विचार के प्रति प्रतिबद्ध हों। वहीं, ट्राईबल क्वीन पूजा लकड़ा ने उन्हें सम्मानित करने के लिए विश्वविद्यालय का आभार व्यक्त किया। शीर्ष तीन सर्वश्रेष्ठ पोस्टरों के लिए छात्रों को पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह के अंत में कुलसचिव प्रो.अरविन्द कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0