जय माता दी ग्रुप के लंगर में स्वयंसेवी संस्था “गूंज” ने किया सहयोग

Jun 8, 2020 - 10:08
जय माता दी ग्रुप के लंगर में स्वयंसेवी संस्था “गूंज” ने किया सहयोग

रांची- लॉकडाउन के दौरान राजधानी के हरमू में सामाजिक संस्था जय माता दी ग्रुप की ओर से खासकर गरीबों के लिए चलाए जा रहे लंगर में स्वयंसेवी संस्था “गूंज” ने खाद्य सामग्री देकर सहयोग किया। संस्था के झारखंड प्रदेश समन्वयक सुरेश कुमार की ओर से जय माता दी ग्रुप को एक दिन के लंगर के लिए चावल और दाल मुहैया कराया गया। उनके सौजन्य से उपलब्ध कराए गए खाद्यान्न से हरमू और आसपास के लगभग डेढ़ सौ गरीबों के बीच सोमवार को खिचड़ी का वितरण किया गया। इस अवसर पर राजेश सिंह, आनंद वर्मा, बिट्टू बाबू, कुमार शुभम, उपेंद्र कुमार, झूलन सिंह,सोनू वर्मा, जेपी अग्रवाल, मनोहर चौरसिया सहित अन्य मौजूद थे। गौरतलब है कि वैश्विक आपदा काल (कोरोना संक्रमण काल) के दौरान लागू लाॅकडाउन में गरीबों को भोजन के लिए हो रही परेशानियों को देखते हुए सामाजिक संस्था जय माता दी ग्रुप के पदधारियों और सदस्यों ने भोजन से वंचित गरीबों को प्रतिदिन भोजन कराने का निर्णय लिया। इसके तहत विगत 9 अप्रैल से लगातार जय माता दी ग्रुप की ओर से लंगर चलाया जा रहा है। इसमें गरीबों के बीच कभी खिचड़ी, कभी दाल-भात व सब्जी का वितरण किया जाता है। इस संबंध में जय माता दी ग्रुप के आनंद वर्मा ने बताया कि पीड़ित मानवता की सेवा करने के उद्देश्य से गरीबों के लिए लंगर चलाया जा रहा है। इसमें समय-समय पर विभिन्न समाजसेवियों का भी सहयोग प्राप्त होता है। लंगर में किए गए सहयोग के लिए उन्होंने “गूंज” के राज्य समन्वयक सुरेश कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0