दुमका में आयोजित प्रेसवार्ता में बोले सुबोधकांत सहाय

राज्य का खजाना चाट गए रघुवर दास

Oct 30, 2020 - 11:27
दुमका में आयोजित प्रेसवार्ता में बोले सुबोधकांत सहाय

दुमका। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय ने कहा कि राज्य में नई सरकार के गठन के पूर्व रघुवर दास खजाना पूरी तरह से चाट कर गए। हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के समक्ष चुनौतियों का पहाड़ छोड़ गए। इसके बावजूद मुख्यमंत्री श्री सोरेन बखूबी चुनौतियों का सामना करते हुए झारखंड के सर्वांगीण विकास के लिए सतत प्रयत्नशील हैं। श्री सहाय शुक्रवार को दुमका स्थित कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा जीत का ख्वाब देख रही है, लेकिन जनता बेरमो और दुमका के उपचुनाव में उनके ख्वाब को पूरा नहीं होने देगी। भाजपा ख्याली पुलाव पका रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा के चुनाव में मुख्यमंत्री रघुवर दास को हार का मुंह देखना पड़ा। जनता ने उन्हें धूल चटा दिया, वे यह भूल गए। भाजपा को झारखंड की जनता ने पूरी तरह से नकार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को दिग्भ्रमित करते हुए कह रही है कि उपचुनाव जिता दें, तो महागठबंधन की सरकार गिरा देंगे। भाजपा की यह चाल जनता समझ रही है। उसके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण काल के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रवासी मजदूरों को ससम्मान उनके गंतव्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश के विभिन्न राज्यों से ट्रेन व विमान द्वारा मजदूरों को घर वापस बुलाया। उनके लिए अपने घर पर ही रोजगार की व्यवस्था की। किसानों और मजदूरों के हित में कई कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की गई। श्री सहाय ने कहा कि राज्य गठन के 20 वर्षों में तकरीबन 17 साल तक भाजपानीत सरकार का शासन रहा। इस दौरान मजदूरों का पलायन रोकने में भाजपा विफल रही। केंद्र सरकार ने वर्ष 2019-20 की योजनाओं की राशि रोक दिया। राज्य सरकार की राॅयल्टी मद में बकाए पैसे का भुगतान नहीं किया। झारखंड के साथ केन्द्र के सौतेले व्यवहार के बावजूद हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली महागठबंधन की सरकार सीमित संसाधनों में जनहित के प्रति समर्पित भाव से कार्य कर रही है।
कोरोना संक्रमण काल के दौरान लाॅकडाउन की अवधि में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंडवासियों के लिए जिस सूझ-बूझ से काम किया, वह एक मिसाल है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कोरोना संक्रमण काल में सबसे बड़े जांबाज योद्धा के रूप में डटे रहकर झारखंडवासियों के लिए सराहनीय कार्य किया। नतीजतन अन्य राज्यों की तुलना में झारखंड में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या और इससे हुई मौत का आंकड़ा कम है। श्री सहाय ने कहा कि उपचुनाव में दुमका और बेरमो की जनता भाजपा को सिरे से खारिज कर देगी। प्रेसवार्ता में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, कांग्रेस के प्रवक्ता राजेश ठाकुर, कांग्रेस के दुमका जिलाध्यक्ष श्यामल किशोर सिंह मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0