गयाजी। गया कॉलेज, गयाजी परिसर में 6 बिहार बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में आयोजित 17वें संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (एआरओ), गयाजी की ओर से विशेष आउटरीच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम 6 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार, कीर्ति चक्र के निर्देशन में हुआ।
इस अवसर पर रिक्रूटिंग मेडिकल ऑफिसर मेजर अविनाश गिरी ने एनसीसी कैडेटों को भारतीय सेना में करियर की संभावनाओं, भर्ती प्रक्रिया और भविष्य के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में करीब 500 कैडेटों ने भाग लिया। बड़ी संख्या में कैडेटों की भागीदारी से युवाओं में भारतीय सेना के प्रति उत्साह और रुचि स्पष्ट नजर आई।
कार्यक्रम के दौरान सैनिक एवं अधिकारी स्तर की विभिन्न प्रवेश योजनाओं, अग्निपथ योजना, सेवा अवधि, लाभ और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी गई। कैडेटों को ऑनलाइन पंजीकरण, ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई), भर्ती रैली, मेडिकल परीक्षण और अंतिम डिस्पैच की चरणबद्ध प्रक्रिया समझाई गई।
ऑनलाइन पंजीकरण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा एनसीसी प्रमाण-पत्र, खेल उपलब्धियों और बोनस अंकों के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। कैडेटों को भर्ती प्रक्रिया में दलालों से सावधान रहने और केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त जानकारी पर भरोसा करने की सलाह दी गई।