पवन सिंह का नया धमाका, गाना ‘छिल देबू का’ रिलीज होते ही वायरल, बोले फैंस - एक और सुपरहिट, देखें VIDEO

गाने को लेकर पवन सिंह ने कहा कि उन्होंने हमेशा दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखकर गाने गाए हैं और यह गाना भी उसी कड़ी का हिस्सा है।

Apr 22, 2026 - 18:02
पवन सिंह का नया धमाका, गाना ‘छिल देबू का’ रिलीज होते ही वायरल, बोले फैंस - एक और सुपरहिट, देखें VIDEO

ENTERTAINMENT DESK : भोजपुरी संगीत जगत के पावर स्टार पवन सिंह एक बार फिर अपने नए धमाकेदार गाने ‘छिल देबू का’ के साथ चर्चा में हैं। गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया और यूट्यूब पर तेजी से वायरल हो गया है और दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। इस गाने में पवन सिंह के साथ गायिका ख़ुशी कक्कर की आवाज ने खास रंग भरा है, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।

गाने को लेकर पवन सिंह ने कहा कि उन्होंने हमेशा दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखकर गाने गाए हैं और यह गाना भी उसी कड़ी का हिस्सा है। उनके अनुसार, “छिल देबू का” एक ऐसा ट्रैक है जिसमें एनर्जी, रोमांस और मनोरंजन का जबरदस्त मेल देखने को मिलेगा।

पवन सिंह ने बताया कि इस गाने की खास बात इसकी धुन और बोल हैं, जो सीधे लोगों के दिल तक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि जब भी कोई गाना बनाते हैं तो कोशिश रहती है कि उसमें भोजपुरी संस्कृति की झलक हो और दर्शकों को नया अनुभव मिले। इस गाने में खुशी कक्कड़ की आवाज़ ने भी चार चांद लगा दिए हैं, जिससे गाना और भी आकर्षक बन गया है।

उन्होंने आगे कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया और यूट्यूब पर दर्शकों की प्रतिक्रिया बहुत मायने रखती है, और “छिल देबू का” को मिल रहा प्यार यह साबित करता है कि दर्शक अभी भी अच्छे और एनर्जेटिक गानों को पसंद करते हैं। पवन सिंह ने अपने फैंस का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके समर्थन के बिना कोई भी कलाकार आगे नहीं बढ़ सकता।

आरवीएफ यूट्यूब चैनल से रिलीज इस गाने के बोल आशुतोष तिवारी और निक्की निहाल ने लिखे हैं, जबकि संगीत प्रियांशु सिंह ने दिया है। म्यूजिक और बीट्स इतने एनर्जेटिक हैं कि यह गाना रिलीज के साथ ही पार्टी और डांस प्लेलिस्ट में जगह बना चुका है। गाने का वीडियो भी काफी आकर्षक है, जिसमें प्रिया रघुवंशी की मौजूदगी ने दर्शकों का ध्यान खींचा है।

वीडियो की भव्यता और पेशेवर प्रस्तुति ने इसे और खास बना दिया है। कोरियोग्राफी गोल्डी जायसवाल और उनकी टीम द्वारा की गई है, जिसमें दमदार डांस मूव्स देखने को मिलते हैं। वहीं डीओपी वजीर आर्ट और पोस्ट प्रोडक्शन टीम ने वीडियो को शानदार विजुअल अपील दी है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखती है।

गाने की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिलीज के कुछ ही समय में इस पर हजारों रील्स और शॉर्ट वीडियो बन चुके हैं। पवन सिंह के फैंस इस गाने को “ब्लॉकबस्टर” बता रहे हैं और सोशल मीडिया पर इसकी जमकर चर्चा हो रही है। एक बार फिर पवन सिंह ने साबित कर दिया है कि उनकी आवाज और अंदाज आज भी भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री में ट्रेंड सेट करने का दम रखता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0