"ऐ कहां भाग रही हो...बंद कर दें क्या?", जानिए बेगूसराय की सभा में क्यों भड़के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में लोगों के घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिससे बिजली उत्पादन को और बढ़ावा मिलेगा। नीतीश कुमार ने कहा कि रोजगार के क्षेत्र में भी सरकार ने बड़े पैमाने पर काम किया है। अब तक करीब 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया गया है

Mar 14, 2026 - 16:19
 0
"ऐ कहां भाग रही हो...बंद कर दें क्या?", जानिए बेगूसराय की सभा में क्यों भड़के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

BEGUSARAI : बेगूसराय पहुंची समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक अलग अंदाज देखने को मिला, जब बियाडा स्थित सभा स्थल में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भड़क गये। उन्होंने कार्यक्रम छोड़कर जा रही जीविका दीदी और अन्य महिलाओं को झिड़की भी लगाई। 

जानिए सीएम नीतीश ने क्यों कहा ऐसा?

दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संबोधन के दौरान महिलाएं इधर-उधर जा रही थी, तभी मुख्यमंत्री भड़क गये और भरी सभा में कहा कि ऐ कहां भाग रही हैं? हम बंद कर दें क्या? काहे भाग रही हैं? हम तो देख रहे थे पहले उधर से जा रही थीं, अब पीछे से जा रही हैं। अगर सब भाग जाएगा तो हम छोड़ देते हैं, बोलिए हम छोड़ दें? जहां बैठी हैं, वहीं बैठकर सुनिए। आप लोग हैं ना, सब लोग सुनिए। हाथ उठाकर बताइए, होगा ना भाषण? अभी देखिए उधर कैसे भाग रहा है। यहां तो सब चीज है, फिर भागते काहे हो? जब जानोगे, तब बताओगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस अंदाज पर सभा में मौजूद लोग हंस पड़े। 

मुख्यमंत्री ने किए कई बड़े ऐलान

इस सभा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कई बड़े ऐलान किए और कहा कि आज केंद्र सरकार बिहार को पूरी तरह से मदद कर रही है, जिसकी वजह से प्रदेश में लगातार विकास के काम हो रहे हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पुराने दिनों को याद किया और कहा कि साल 2005 से पहले बिहार की स्थिति क्या थी, यह किसी से छिपा नहीं है लेकिन आज राज्य में काफी बदलाव आया है और समाज में पहले की तुलना में ज्यादा अमन-चैन का माहौल है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में जब से उन्हें काम करने का मौका मिला है, तब से लगातार विकास के लिए काम किया जा रहा है। इस दौरान सभा से जब कुछ महिलाएं जाने लगीं तो सीएम ने उन्हें रूकने के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि “रुकिए, कहां जा रही हैं, हम काम कर रहे हैं ना। इसके बाद महिलाएं रुक गईं। 

45 हजार नये शिक्षकों की होगी बहाली

इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में 45 हजार नये पदों पर शिक्षकों की बहाली का एलान किया और कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बिहार में काफी काम हुआ है। पहले स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं थी लेकिन अब बड़े-बड़े आधुनिक और विश्वस्तरीय अस्पताल बनाए जा रहे हैं और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में सड़कों का तेजी से निर्माण किया गया है। दूर-दराज के इलाकों को भी सड़क से जोड़ा गया है, जिससे अब राज्य के किसी भी हिस्से से पटना पहुंचने में कम समय लगता है। इसके साथ ही कृषि क्षेत्र में भी सरकार ने कई काम किए हैं और मछली उत्पादन में बिहार आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

बेगूसराय की सभा में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में पांच नये एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीण सड़कों को डबल लेन किया जाएगा। वहीं, शानदार प्रदर्शन कर बिहार का नाम रौशन करने वाले प्लेयर्स को सरकारी नौकरी दी जाएगी। बिहार जल्द ही देश के टॉप प्रदेशों में शुमार होगा। इसके लिए केन्द्र पूरा सहयोग कर रहा है। बेगूसराय के विकास के लिए भी काफी काम किया गया है। बिजली, सड़क से लेकर स्वास्थ्य तक हर क्षेत्र में काम किया गया।

1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में लोगों के घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिससे बिजली उत्पादन को और बढ़ावा मिलेगा। नीतीश कुमार ने कहा कि रोजगार के क्षेत्र में भी सरकार ने बड़े पैमाने पर काम किया है। अब तक करीब 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया गया है, जबकि आने वाले समय में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जो महिलाएं अच्छा काम करेंगी, उन्हें दो लाख रुपये की मदद की जाएगी। हर क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र बनाया जाएगा। राज्य में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े कार्य किए जा रहे हैं। जिला अस्पताल को विशिष्ट चिकित्सा केंद्र बनाया जा रहा है। सरकारी चिकित्सक को निजी प्रैक्टिस पर रोक लगाई जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0