अमित शाह, राहुल गांधी और नितिन नवीन के पड़ोसी बनेंगे नीतीश कुमार, 3 एकड़ में फैले टाइप-8 बंगले में होंगे शिफ्ट, जानिए क्या है खासियत?

नीतीश कुमार को मिला यह बंगला करीब 3 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। इसमें आधुनिक सुविधाओं से लैस ढांचा तैयार किया गया है। बड़े लॉन के साथ यह बंगला पूरी तरह से VVIP जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।

Apr 17, 2026 - 17:06
अमित शाह, राहुल गांधी और नितिन नवीन के पड़ोसी बनेंगे नीतीश कुमार, 3 एकड़ में फैले टाइप-8 बंगले में होंगे शिफ्ट, जानिए क्या है खासियत?

NEW DELHI : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार अब दिल्ली शिफ्ट होने वाले हैं, जहां वे टाइप-8 श्रेणी के सरकारी बंगले में रहेंगे। बंगला अलॉट कर दिया गया है। उन्हें दिल्ली के सुनहरी बाग रोड स्थित बंगला नंबर-9 दिया गया है। यह इलाका लुटियंस दिल्ली का बेहद सुरक्षित और वीवीआईपी जोन माना जाता है, जहां देश के शीर्ष नेता और उच्च पदस्थ अधिकारी रहते हैं।

अमित शाह और राहुल गांधी के नजदीक आवास

राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के नये आवास से लगभग 150 मीटर की दूरी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का निवास है, जबकि करीब 100 मीटर के दायरे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भी सरकारी आवास स्थित है। इसी इलाके में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बंगला नंबर-8 में रहते हैं, जो अब नीतीश कुमार के बिल्कुल पड़ोसी हैं। 

3 एकड़ में फैला आधुनिक टाइप-8 बंगला

नीतीश कुमार को मिला यह बंगला करीब 3 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। इसमें आधुनिक सुविधाओं से लैस ढांचा तैयार किया गया है। बड़े लॉन के साथ यह बंगला पूरी तरह से VVIP जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। आमतौर पर इस श्रेणी के बंगले सीनियर केंद्रीय मंत्रियों, सुप्रीम कोर्ट के जजों और पूर्व राष्ट्रपतियों को आवंटित किए जाते हैं।

बंगले की खासियत 

इस टाइप-8 बंगले में 5 बेडरूम, बड़ा लिविंग रूम, डाइनिंग एरिया, स्टडी रूम और गैरेज जैसी सुविधाएं होती हैं। इसके अलावा पूरे परिसर में 24 घंटे हाई-लेवल सुरक्षा व्यवस्था रहती है। सीसीटीवी कैमरों के जरिए गेट से लेकर बगीचे और हॉल तक हर गतिविधि पर नजर रखी जाती है।

टाइप-8 बंगले की अहमियत

टाइप-8 बंगले देश के सबसे उच्च श्रेणी के सरकारी आवास माने जाते हैं। यह आमतौर पर उन लोगों को दिए जाते हैं, जिन्होंने देश में महत्वपूर्ण संवैधानिक या राजनीतिक जिम्मेदारियां निभाई हों। इनमें पूर्व राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, केंद्रीय मंत्री और शीर्ष न्यायिक पदाधिकारी शामिल होते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0