नालंदा में मिड-डे मील खाने से 50 से अधिक बच्चों की बिगड़ी तबीयत, जानिए छात्रों ने भोजन में क्या खाया था?

इस घटना से स्कूल परिसर और गांव में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में सभी बीमार बच्चों को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरनौसा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है

May 20, 2026 - 16:18
नालंदा में मिड-डे मील खाने से 50 से अधिक बच्चों की बिगड़ी तबीयत, जानिए छात्रों ने भोजन में क्या खाया था?

NALANDA : नालंदा के नगरनौसा प्रखंड के मध्य विद्यालय कला कैला में बुधवार को मिड-डे मील खाने से अचानक 50 से अधिक बच्चे बीमार हो गए है. खाना खाने के थोड़ी ही देर बाद बच्चों को उल्टी, दस्त और चक्कर आने की शिकायत होने लगी, जिसके बाद कई बच्चे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े.

इस घटना से स्कूल परिसर और गांव में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में सभी बीमार बच्चों को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरनौसा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. कुछ बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें चंडी रेफरल अस्पताल भेजा गया है तो कुछ परिजन अपने बच्चों को निजी हॉस्पिटल में इलाज करवा रहे हैं.

घटना पर बच्चों ने क्या बताया?

अस्पताल में इलाज करा रही पांचवीं कक्षा की छात्रा अमृता कुमारी ने बताया कि दोपहर के भोजन में चावल और चने (बूट) की सब्जी परोसी गई थी. खाना खाने के दौरान ही सब्जी के कोने में एक संदिग्ध ‘गोली’ मिली। छात्रा के मुताबिक, लगभग सभी बच्चों ने यह भोजन खाया था, जिसके बाद एक-एक कर सबकी तबीयत बिगड़ने लगी. छात्राओं ने यह भी बताया कि रोजाना की तरह बच्चों से पहले शिक्षकों ने भोजन को नहीं चखा था.

घटना पर प्रधानाध्यापिका ने क्या बताया?

अमरेश सर नाम के एक शिक्षक ने भी वही खाना खाया, जिसके बाद उन्हें भी गंभीर रूप से चक्कर आने लगा और वे भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे. स्कूल की प्रधानाध्यापिका रजनी कुमारी ने बताया कि आज बच्चों को मिड-डे मील में छोला और चावल परोसा गया था, जैसे ही बच्चों ने भोजन करना शुरू किया, अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. कई बच्चों को उल्टी-दस्त शुरू हो गए और कुछ बच्चे चक्कर खाकर बेहोश हो गए

इस पूरी घटना की लिखित सूचना विभाग के वरीय पदाधिकारियों को दे दी गई है. इधर घटना की जानकारी मिलते ही हिलसा एसडीओ अमित कुमार पटेल, शिक्षा विभाग के डीपीओ आनंद शंकर डीइओ नालंदा आनंद विजय अस्पताल पहुंच बच्चों के बारे में जानकारी लिया. वहीं नालंदा सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह भी अस्पताल पहुंचकर बीमार बच्चों का जायजा ले रहे हैं.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0