रिलायंस रीटेल ने किया प्रियंका चोपड़ा के ब्रांड एनोमली का अधिग्रहण, रिटेल नेटवर्क और ‘टीरा’ के जरिए होगा विस्तार 

एनोमली की शुरुआत 2021 में हुई थी। यह एक साफ, वीगन और अच्छी क्वालिटी वाला हेयरकेयर ब्रांड है, जो किफायती दाम में मिलता है। यह पहले से ही कई बड़े देशों में बेचा जा रहा है।

Apr 30, 2026 - 17:32
रिलायंस रीटेल ने किया प्रियंका चोपड़ा के ब्रांड एनोमली का अधिग्रहण, रिटेल नेटवर्क और ‘टीरा’ के जरिए होगा विस्तार 

MUMBAI : रिलायंस रीटेल लिमिटेड ने प्रियंका चोपड़ा जोनस के हेयरकेयर ब्रांड एनोमली (Anomaly) का अधिग्रहण कर लिया है। इस सौदे में ब्रांड के ट्रेडमार्क, ब्रांड से जुड़ी चीजें और डिजिटल प्लेटफॉर्म शामिल हैं। इससे रिलायंस रीटेल लिमिटेड के ब्यूटी कारोबार को मजबूती मिलेगी।

एनोमली की शुरुआत 2021 में हुई थी। यह एक साफ, वीगन और अच्छी क्वालिटी वाला हेयरकेयर ब्रांड है, जो किफायती दाम में मिलता है। यह पहले से ही कई बड़े देशों में बेचा जा रहा है। इस खरीद के बाद रिलायंस रीटेल लिमिटेड के पास इस ब्रांड का पूरा अधिकार होगा। अब कंपनी अपने बड़े रिटेल नेटवर्क और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, जैसे ‘टीरा’, के जरिए एनोमली को तेजी से आगे बढ़ाएगी। कंपनी का लक्ष्य ब्यूटी और पर्सनल केयर क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करना है।

ईशा अंबानी, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, रिलायंस रीटेल वेंचर्स लिमिटेड ने इस सौदे पर कहा, “एनोमाली को हमारे पोर्टफोलियो में शामिल करना नए जमाने के ब्यूटी ब्रांड्स के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एनोमाली की मजबूत वैश्विक पहचान, क्लीन फॉर्मुलेशन और किफायती कीमत इसे बेहतरीन बनाते हैं। हमें विश्वास है कि प्रियंका के साथ मिलकर हम भारत में इस ब्रांड को तेजी से बढ़ा सकते हैं और साथ ही इसके अंतरराष्ट्रीय विस्तार को भी मजबूत कर सकते हैं।”

रिलायंस रीटेल लिमिटेड अब भारत पर ज्यादा ध्यान देगा और एनोमली की पहुंच बढ़ाएगा। भारतीय बाल और सिर की त्वचा (स्कैल्प) के हिसाब से नए उत्पाद बनाए जाएंगे। साथ ही यह ब्रांड अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम और मध्य पूर्व जैसे बाजारों में भी आगे बढ़ेगा।
प्रियंका चोपड़ा जोनस ब्रांड में क्रिएटिव डायरेक्टर बनी रहेंगी और नए प्रोडक्ट व आइडिया पर काम करेंगी। उन्होंने कहा, “यह एनोमाली के लिए एक अहम क्षण है। जो एक व्यक्तिगत यात्रा के रूप में शुरू हुआ था, वह अब एक उद्देश्यपूर्ण और वैश्विक महत्वाकांक्षा वाला ब्रांड बन चुका है, और रिलायंस रिटेल का यह अधिग्रहण एक नए और रोमांचक अध्याय की शुरुआत है। उनका व्यापक नेटवर्क और रिटेल अनुभव हमें भारत और दुनिया भर में अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचने में मदद करेगा। मैं खासतौर पर ईशा अंबानी के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं। क्रिएटिव डायरेक्टर के रूप में मैं ब्रांड के विकास में सक्रिय रूप से जुड़ी रहूंगी”

रिलायंस रीटेल लिमिटेड नए और तेजी से बढ़ने वाले ब्यूटी ब्रांड्स पर ध्यान दे रही है। कंपनी अपने अनुभव, बड़े नेटवर्क और ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों तरीकों से एनोमली को भारत और दुनिया में आगे बढ़ाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0