Asian Championships 2026 : भारत को लगा बड़ा झटका, एशियन चैंपियनशिप से सात्विक और चिराग शेट्टी हटे, अब लक्ष्य और पीवी सिंधु पर होगा दारोमदार
सात्विक अभी कंधे की चोट से उबर रहे हैं, जिसके कारण इस स्टार भारतीय जोड़ी को टूर्नामेंट से नाम वापस लेना पड़ा। सात्विक और चिराग ने 2023 में इस प्रतियोगिता का खिताब जीता था।
SPORTS DESK : सात्विक साईंराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप से अपना नाम वापस ले लिया है और अब इस इवेंट में भारत का दारोमदार शानदार फॉर्म में चल रहे लक्ष्य सेन और अनुभवी पीवी सिंधु पर टिका रहेगा।
सात्विक अभी कंधे की चोट से उबर रहे हैं, जिसके कारण इस स्टार भारतीय जोड़ी को टूर्नामेंट से नाम वापस लेना पड़ा। सात्विक और चिराग ने 2023 में इस प्रतियोगिता का खिताब जीता था। भारतीय कोच टैन किम हेर ने बताया कि सात्विक को अभी भी कुछ दर्द है इसलिए वे इस सप्ताह नहीं खेल पाएंगे।
सात्विक के दाहिने कंधे में दर्द के कारण यह भारतीय जोड़ी स्विस ओपन में भी क्वार्टर फाइनल के मैच से भी हट गई थी। इस चैंपियनशिप में भारत की निगाहें अब एकल खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी, जिसकी अगुआई लक्ष्य और सिंधु करेंगे। दोनों इस प्रतियोगिता में एकल में देश के खिताब के 61 साल से चले आ रहे इंतजार को खत्म करने की कोशिश करेंगे। पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन दिनेश खन्ना एकमात्र भारतीय हैं, जिन्होंने 1965 में इस चैंपियनशिप में मैंस सिंगल्स कैटेगरी का गोल्ड मेडल जीता था।
ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में रनरअप रहने के बाद लक्ष्य उनके नक्शेकदम पर चलने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। 24 साल के लक्ष्य हांगकांग के ली चेउक यिउ के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेंगे। वीमेंस सिंगल में डबल ओलिंपिक मेडलिस्ट सिंधु यूरोपीय चरण में भाग नहीं ले पाने के बाद वापसी कर रही हैं।
सिंधु पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के लिए इंग्लैंड जाते समय दुबई में फंस गई थीं, जिसके चलते उन्हें टूर्नामेंट से हटना पड़ा। इसके बाद उन्होंने आराम करने के लिए स्विस ओपन में हिस्सा नहीं लिया और अब उनका पहला मुकाबला मलेशिया की वोंग लिंग चिंग से होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











