बड़ी खबर : ईरान से तनाव के बीच हटाए गये US आर्मी चीफ, जबरन किया गया रिटायर
पेंटागन ने भी इस फैसले की पुष्टि करते हुए कहा कि जॉर्ज अब 41वें चीफ ऑफ स्टाफ के पद से तत्काल प्रभाव से हट रहे हैं।
NEWS DESK : ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका की सैन्य व्यवस्था में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। अमेरिकी सेना के चीफ रैंडी ए जॉर्ज को अचानक उनके पद से हटा दिया गया और उन्हें तत्काल रिटायरमेंट लेने के लिए मजबूर कर दिया गया। यह फैसला अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के निर्देश पर लिया गया। हालांकि इसके पीछे की वजह सार्वजनिक नहीं की गई है।
हटाए गये US आर्मी चीफ
पेंटागन ने भी इस फैसले की पुष्टि करते हुए कहा कि जॉर्ज अब 41वें चीफ ऑफ स्टाफ के पद से तत्काल प्रभाव से हट रहे हैं। इस घटनाक्रम ने उस समय और ज्यादा हलचल पैदा कर दी है, जब डोनाल्ड ट्रंप एक ओर ईरान के साथ संघर्ष खत्म होने की बात कर रहे हैं तो दूसरी ओर मिडिल ईस्ट में सैनिकों की संख्या बढ़ा रहे हैं।
पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पर्नेल ने कहा कि जॉर्ज ‘तत्काल प्रभाव से सेना के 41वें चीफ ऑफ स्टाफ के पद से सेवानिवृत्त होंगे।’ उन्होंने कहा कि विभाग उनके ‘देश के प्रति दशकों की सेवा’ के लिए आभारी है। रैंडी के जबरन रिटायरमेंट के बाद मौजूदा वाइस चीफ ऑफ स्टाफ जनरल क्रिस्टोफर ला-नेव को कार्यवाहक आर्मी चीफ नियुक्त किया गया है। 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के पूर्व कमांडर ला-नेव पहले हेगसेथ के सैन्य सहयोगी भी थे। ला-नेव इससे पहले दक्षिण कोरिया में आठवीं सेना की कमान संभाल रहे थे।
यह अचानक नेतृत्व परिवर्तन अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ द्वारा अमेरिकी सैन्य ढांचे में किए जा रहे व्यापक बदलाव का हिस्सा है। वह पहले ही एक दर्जन से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों को हटा चुके हैं। हेगसेथ ने रक्षा विभाग को अपने तरीके से ढालने के लिए तेजी से कदम उठाए हैं। वह राष्ट्रपति ट्रंप के राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंडे को लागू करने के लिए शीर्ष जनरलों और एडमिरलों को हटाते रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











