अमित शाह का बड़ा ऐलान: 2029 तक ‘नशामुक्त भारत’ बनाने का लक्ष्य, ड्रग्स के खिलाफ 3 साल का रोडमैप तैयार

Sep 7, 2026 - 09:15
अमित शाह का बड़ा ऐलान: 2029 तक ‘नशामुक्त भारत’ बनाने का लक्ष्य, ड्रग्स के खिलाफ 3 साल का रोडमैप तैयार

पणजी में नारकोटिक्स नियंत्रण को लेकर संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने 2029 तक ‘नशामुक्त भारत’ बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश से नक्सलवाद को खत्म करने के लिए अभियान चलाया गया, उसी दृढ़ता से ड्रग्स की समस्या पर भी कार्रवाई की जाएगी।

अमित शाह ने बताया कि जुलाई 2026 से जुलाई 2029 तक तीन वर्षीय रोडमैप तैयार किया गया है। इस मिशन के तहत चार प्रमुख स्तंभों—इंटेलिजेंस एवं ऑपरेशन आधारित एन्फोर्समेंट, प्रीकर्सर एवं सिंथेटिक ड्रग्स नियंत्रण, डिमांड एवं हार्म रिडक्शन तथा क्षमता निर्माण एवं समन्वय—पर काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 2014 से 2026 के बीच देश में 1 करोड़ 19 लाख किलोग्राम से अधिक ड्रग्स जब्त किए गए, जिनका अनुमानित मूल्य करीब 1.89 लाख करोड़ रुपये है। इसी अवधि में 48.68 लाख किलोग्राम ड्रग्स नष्ट किए गए।

गृह मंत्री के अनुसार, ‘नशामुक्त भारत’ अभियान के तहत अब तक 25 करोड़ नागरिकों से संपर्क कर नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई है, जबकि उपचार और पुनर्वास के माध्यम से 5.70 लाख लोगों को नशामुक्त करने का कार्य किया गया है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य विभाग और जेल प्रशासन मिलकर देश में नशामुक्ति केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 1,751 करेंगे। साथ ही NCC, NSS और My Bharat के माध्यम से लाखों ‘नशामुक्ति मित्र’ तैयार किए जाएंगे।

अमित शाह ने ड्रग्स तस्करी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार Death Triangle और Death Crescent के रास्ते होने वाली तस्करी पर चतुष्कोणीय रणनीति के तहत कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि ड्रग्स से होने वाली कमाई का इस्तेमाल आतंकवाद के लिए भी किया जाता है, इसलिए नशे के खिलाफ लड़ाई को राष्ट्रीय सुरक्षा की प्राथमिकता बनाया गया है।

उन्होंने स्पष्ट कहा—“भारत में विदेशियों का स्वागत है, लेकिन ड्रग्स के साथ नहीं।” साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि 2029 तक नशामुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर मिशन मोड में काम करेंगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0