'केदार जी और लोकेश जी अब कंजूसी छोड़िए', बिहार में हेली-टूरिज्म सेवा की शुरुआत के बाद बोले CM सम्राट, कहा : जरूरत पड़े तो लाइए 5 हेलीकॉप्टर
Bihar Heli Tourism : बिहार में पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पर्यटन विभाग की महत्वाकांक्षी हेली-टूरिज्म सेवा का शुभारंभ किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए विभागीय मंत्री केदार गुप्ता और विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह को बड़ी सलाह दी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब पर्यटन के विकास में "कंजूसी" करने का समय नहीं है बल्कि इसे बड़े स्तर पर विस्तार देने की जरूरत है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में पर्यटन विभाग लगातार बेहतर काम कर रहा है और राज्य की नई पहचान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री ने मंच से ही विभागीय अधिकारियों को यह भी याद दिलाया कि योजनाओं को केवल औपचारिकता या शो-पीस बनाकर नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि "केदार गुप्ता जी और लोकेश जी ने इसमें काफी कंजूसी की है। अब कंजूसी करने का समय नहीं है। इसे और बड़ा कीजिए। केवल शो-पीस बनाकर मत रखिए।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर बिहार की अर्थव्यवस्था को नई गति देनी है तो पर्यटन को मजबूत उद्योग के रूप में विकसित करना होगा। उन्होंने कहा कि जब पर्यटन का वास्तविक योगदान राज्य की अर्थव्यवस्था में दिखाई देगा, तभी माना जाएगा कि बिहार में वास्तविक बदलाव आया है।
हेली-टूरिज्म सेवा को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सरकार इस योजना में भारी सब्सिडी देगी। उन्होंने कहा कि यात्री केवल 2,100 रुपये का भुगतान करेंगे, जबकि प्रति यात्रा लगभग 15,000 रुपये का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ वीआईपी लोगों को हेलीकॉप्टर यात्रा उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि आम नागरिक भी कम खर्च में हवाई यात्रा का अनुभव कर सकें। उन्होंने कहा कि यह योजना पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों को आधुनिक परिवहन सुविधा से जोड़ने का भी माध्यम बनेगी।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग को सेवा के विस्तार का निर्देश देते हुए कहा कि यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो संसाधनों की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, "जरूरत पड़े तो एक हेलीकॉप्टर की जगह दो, तीन, चार या पांच हेलीकॉप्टर भी लाइए। सरकार हर संभव सहयोग करेगी।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में बौद्ध, जैन, सिख और हिंदू धर्म से जुड़े अनेक विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मौजूद हैं। यदि इन स्थलों को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ा जाए तो बड़ी संख्या में देश-विदेश के पर्यटक बिहार आएंगे, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
पर्यटन विभाग की ओर से शुरू की गई हेली-टूरिज्म सेवा को राज्य में पर्यटन क्षेत्र के लिए एक बड़ी पहल माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि इस सेवा से प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी, पर्यटकों का समय बचेगा और बिहार की नई पर्यटन पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी। मुख्यमंत्री के स्पष्ट संदेश के बाद अब उम्मीद की जा रही है कि विभाग इस योजना का दायरा तेजी से बढ़ाएगा और इसे राज्य के पर्यटन विकास का अहम आधार बनाया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











