गौ संरक्षण के लिए गांव-प्रखंड स्तर तक सक्रिय टोली तैयार करने पर जोर, कार्यकर्ता विकास एवं जनजागरण के माध्यम से गौ संवर्धन को मजबूत करने का लिया संकल्प
गयाजी। विश्व हिंदू परिषद गौ रक्षा विभाग एवं भारतीय गौवंश रक्षण-संवर्धन परिषद के तत्वावधान में मंगलवार को चांदचौरा स्थित एक निजी भवन में गौ संवर्धन एवं कार्यकर्ता विकास को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ केंद्रीय सह मंत्री एवं अखिल भारतीय सह गौ रक्षा प्रमुख केशव राजू, पटना क्षेत्र पालक त्रिलोकीनाथ बागी, संत दिनेश बाबा एवं अरवल जिला अध्यक्ष शैलेश चौरसिया ने दीप प्रज्वलित कर किया।
बैठक को संबोधित करते हुए केशव राजू ने कहा कि गौ रक्षा केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रशिक्षित एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं की टोली तैयार करने, गौ भक्तों को जोड़ने तथा गांव और प्रखंड स्तर तक गौ संवर्धन की गतिविधियों को मजबूत करने की आवश्यकता है।
उन्होंने गौ संवर्धन, कार्यकर्ता विकास एवं समर्पित गौ भक्तों के निर्माण पर विशेष जोर दिया। साथ ही गौ रक्षा के कार्य को व्यापक स्वरूप देने और समाज के विभिन्न वर्गों को गौ सेवा एवं संरक्षण से जोड़ने के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
पटना क्षेत्र पालक त्रिलोकीनाथ बागी ने कार्यकर्ताओं से नियमित संपर्क, प्रशिक्षण और जनजागरण के माध्यम से गौ सेवा के कार्य को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की सहभागिता से ही गौ संरक्षण एवं संवर्धन को स्थायी और प्रभावी बनाया जा सकता है।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने गौ माता के संरक्षण, संवर्धन एवं सेवा के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रांत गौ रक्षा प्रमुख रविंद्र राय, विभाग संगठन मंत्री सूरज प्रताप, गौ रक्षा प्रांत टोली के डॉ. संत प्रसाद, सुरेंद्र कुमार, प्रेमनाथ टाइयां, महानगर मंत्री राजीव कुमार, रामबाबू बिंद, राहुल कुमार, अमित कुमार सहित विभाग, जिला एवं प्रखंड स्तर के दर्जनों दायित्ववान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।