पितृपक्ष मेले की तैयारियों को लेकर निगम बोर्ड ने कसी कमर, लेजर लाइट से दिखेगी गयाजी की धार्मिक-ऐतिहासिक गाथा, फल्गु में फाउंटेन से आकर्षक प्रस्तुति

गयाजी। नगर निगम सभाकक्ष में मंगलवार को महापौर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान की अध्यक्षता में निगम बोर्ड की बैठक हुई। बैठक में पितृपक्ष मेले की तैयारियों और कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बोर्ड के सदस्यों ने विभिन्न प्रस्तावों पर सहमति जताते हुए कार्ययोजनाओं को आगे बढ़ाने पर मुहर लगाई। महापौर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने कहा कि गयाजी की पहचान पितृपक्ष मेले से है। देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सफाई, पेयजल, रोशनी, सड़क और नाली की मरम्मत सहित अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस बार पितृपक्ष मेले में श्रद्धालुओं को कुछ अलग देखने को मिलेगा। लेजर लाइट के माध्यम से गयाजी के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व की जानकारी देने की तैयारी की जा रही है। वहीं, फल्गु नदी में फाउंटेन के माध्यम से आकर्षक प्रस्तुति भी दी जाएगी। इसका उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को गयाजी की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता से परिचित कराना है। कचरा उठाव और ढुलाई की व्यवस्था होगी बेहतर मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है। नगर निगम की ओर से कचरा उठाव और ढुलाई की व्यवस्था को पहले से बेहतर बनाने की योजना है। कचरे से दुर्गंध न फैले, इसके लिए इत्र का छिड़काव किया जाएगा। साथ ही कचरे की ढुलाई पूरी तरह ढककर की जाएगी, ताकि सड़क पर कचरा गिरने और दुर्गंध फैलने की समस्या न हो। मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी। बैठक में उपमहापौर चिंता देवी, नगर आयुक्त डॉ. गगन, सशक्त स्थायी समिति सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, मनोज कुमार, सारिका वर्मा सहित कई पार्षद और निगम पदाधिकारी मौजूद रहे। मेला क्षेत्र में जगह-जगह मिलेगा शीतल पेयजल उमस भरी गर्मी को देखते हुए मेला क्षेत्र में शीतल पेयजल की व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई है। महापौर ने कहा कि मेला क्षेत्र में जगह-जगह प्याऊ लगाए जाएंगे, ताकि पिंडदान और तर्पण के लिए आने वाले तीर्थयात्रियों को परेशानी न हो। श्रद्धालुओं को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ और शीतल पेयजल उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। खुले में मांस-मछली की बिक्री पर रोक की मांग बैठक में खुले में मांस-मछली की बिक्री को लेकर भी प्रस्ताव रखा गया। सदस्यों ने कहा कि खुले में मांस-मछली की बिक्री से गयाजी की छवि प्रभावित होती है। यदि कहीं मांस-मछली की बिक्री की जाती है तो वहां पर्दे की व्यवस्था अनिवार्य की जानी चाहिए। सदस्यों ने अवैध रूप से संचालित दुकानों को बंद कराने और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की। इस संबंध में सदन से प्रस्ताव पारित किया गया। ऑटो स्टैंड की वसूली बंद करने के प्रस्ताव पर सदस्यों ने जताई नाराजगी पितृपक्ष के दौरान एक पखवारे तक शहर के ऑटो स्टैंड से राशि की वसूली नहीं करने का प्रस्ताव नगर आयुक्त डॉ. गगन ने सदन में रखा। उन्होंने इसे जिला प्रशासन के आदेश से जुड़ा बताया। इस पर कई सदस्यों ने नाराजगी जताई। सदस्यों ने कहा कि ऑटो स्टैंड नगर निगम की आय का महत्वपूर्ण स्रोत है। एक पखवारे तक वसूली बंद रहने से निगम के राजस्व पर असर पड़ेगा। सदस्यों ने मांग की कि पहले जिला प्रशासन बस पड़ाव से राशि की वसूली बंद करे, इसके बाद नगर निगम के ऑटो स्टैंड को लेकर निर्णय लिया जाए। स्वच्छता पदाधिकारी के कार्यों पर सदस्यों ने उठाए सवाल बैठक में स्वच्छता पदाधिकारी शुभम कुमार के कार्यों को लेकर भी सदस्यों ने सवाल उठाए। सदस्यों ने कई कार्यों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया। इस पर नगर आयुक्त ने बताया कि स्वच्छता पदाधिकारी की वित्तीय शक्तियां सशक्त स्थायी समिति की बैठक में मिली जानकारी के बाद समाप्त कर दी गई हैं। जल्द ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पार्षदों ने रखीं अपने-अपने वार्ड की समस्याएं बैठक में वार्ड पार्षद नैयर अहमद, धर्मेंद्र कुमार, अनुपमा कुमारी, आरती कुमारी सहित अन्य सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और निगम के कार्यों से जुड़े मुद्दे सदन में रखे। सदस्यों ने कहा कि निगम के प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता होनी चाहिए, ताकि शहरवासियों को योजनाओं और खर्च की पूरी जानकारी मिल सके। नगर आयुक्त ने कहा कि निगम की ओर से सभी कार्य पारदर्शिता के साथ किए जा रहे हैं और आगे भी यह व्यवस्था जारी रहेगी। बुडको की जलापूर्ति व्यवस्था पर भी उठे सवाल शहर में पेयजल आपूर्ति को लेकर बुडको की ओर से किए जा रहे कार्यों पर भी पार्षदों ने सवाल उठाए। सदस्यों ने कहा कि कई वार्डों में काम सही तरीके से नहीं होने के कारण जलापूर्ति प्रभावित हो रही है। सशक्त स्थायी समिति सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को बुडको के पदाधिकारियों और सभी पार्षदों के बीच बैठक होगी। इसमें विभिन्न वार्डों में पेयजल की समस्या पर विस्तार से चर्चा कर उसके समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

Sep 15, 2026 - 20:33
पितृपक्ष मेले की तैयारियों को लेकर निगम बोर्ड ने कसी कमर, लेजर लाइट से दिखेगी गयाजी की धार्मिक-ऐतिहासिक गाथा, फल्गु में फाउंटेन से आकर्षक प्रस्तुति

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0