नशे के लिए पैसे नहीं मिले तो हैवान बना बेटा, कुदाल से हमला कर पिता की हत्या; मां भी गंभीर घायल

समस्तीपुर: जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर वार्ड-39 में नशे की लत ने एक परिवार को तबाह कर दिया। आरोप है कि नशे के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक ने अपने ही पिता पर कुदाल से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पिता को बचाने पहुंची मां पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

Sep 15, 2026 - 19:05

मृतक की पहचान मोहम्मद इस्लाम के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पुत्र का नाम मोहम्मद अरमान बताया गया है। परिजनों के अनुसार अरमान सूखे नशे का आदी था। बताया गया कि घटना वाले दिन सुबह उसने अपने पिता से नशे के लिए पैसे मांगे थे, लेकिन पिता ने पैसे देने से इनकार कर दिया था।

बताया जा रहा है कि देर रात करीब 12 बजे अरमान नशे की हालत में घर पहुंचा और माता-पिता से विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने घर में रखी कुदाल उठा ली। इसके बाद उसने पिता पर कुदाल से हमला कर दिया। हमले में मोहम्मद इस्लाम गंभीर रूप से घायल हो गए।

पिता को बचाने के लिए उनकी पत्नी बीच में आईं तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के दौरान परिवार के कुछ सदस्य छत पर सो रहे थे। शोर सुनकर मृतक का छोटा बेटा नीचे पहुंचा और अपने पिता को गंभीर हालत में पाया।

परिजन आनन-फानन में मोहम्मद इस्लाम को समस्तीपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल मां का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

मृतक के छोटे बेटे ने बताया कि उसका भाई लंबे समय से सूखे नशे का सेवन करता था। लगातार नशे के सेवन के कारण उसकी मानसिक स्थिति भी प्रभावित होने की बात परिजनों ने कही है। मृतक के तीन बेटे हैं। इनमें एक बेटा प्रदेश में रहकर मजदूरी करता है, जबकि दो बेटे घर पर रहते हैं।

घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मोहम्मद अरमान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0