राष्ट्रीय एकता दिवस पर एसएसबी जवानों ने निकाली 10 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली
फिट इंडिया मूवमेंट के तहत दिया स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण का संदेश
नरकटियागंज। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), नरकटियागंज की ओर से फिट इंडिया मूवमेंट अभियान के तहत 10 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली का आयोजन किया गया। वाहिनी कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली का शुभारंभ वाहिनी मुख्यालय से हुआ। साइकिल रैली वाहिनी मुख्यालय से निकलकर नरकटियागंज स्थित शहीद चौक पहुंची। इसके बाद वहां से वापस वाहिनी मुख्यालय लौटकर संपन्न हुई। इस दौरान वाहिनी के बलकार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लगभग 10 किलोमीटर की दूरी तय की। रैली के माध्यम से जवानों ने आम नागरिकों को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जवानों एवं आम नागरिकों में शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देना था। साथ ही साइकिलिंग को प्रोत्साहित कर पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण मुक्त वातावरण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के लिए दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया गया। उनके आदर्शों पर चलने तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प भी लिया गया। 44वीं वाहिनी एसएसबी की इस पहल के माध्यम से संदेश दिया गया कि नियमित शारीरिक व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर प्रत्येक व्यक्ति स्वयं को स्वस्थ रख सकता है। स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





