गया जंक्शन पर तत्काल टिकटों की कालाबाजारी का खुलासा, एक गिरफ्तार

ऑपरेशन उपलब्ध के तहत आरपीएफ की कार्रवाई, 200 से 500 रुपये तक अतिरिक्त कमीशन लेकर टिकट उपलब्ध कराने का आरोप

Oct 30, 2026 - 10:08
गया जंक्शन पर तत्काल टिकटों की कालाबाजारी का खुलासा, एक गिरफ्तार

गयाजी। पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत गया रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तत्काल टिकटों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अमित कुमार (30 वर्ष), निवासी दादपुर, थाना बेलागंज, जिला गया के रूप में हुई है। आरपीएफ पोस्ट गया के प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव के निर्देशन में उपनिरीक्षक इन्द्र कुमार सहित आरपीएफ की टीम बुकिंग काउंटर पर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर अमित कुमार को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने जरूरतमंद यात्रियों से टिकट बुक कराने का ऑर्डर लेकर टिकट मूल्य के अतिरिक्त 200 से 500 रुपये तक कमीशन लेने की बात स्वीकार की। मौके पर उसके पास से 30 अक्टूबर को नई दिल्ली से गया की यात्रा के लिए एसी थ्री श्रेणी का तत्काल टिकट, एक खाली आरक्षण फॉर्म और एक इस्तेमाल किया हुआ एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया। टिकट की कीमत 2,425 रुपये बताई गई है। आरपीएफ ने बरामद सामान जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उपनिरीक्षक इन्द्र कुमार की शिकायत पर आरपीएफ पोस्ट गया में मुकदमा संख्या 2306/26, रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0