राज्योत्सव से पहले सारंग हेलीकॉप्टर टीम की राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट

रायपुर में भारतीय वायु सेना की टीम ने स्वदेशी हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ की खूबियों और हवाई प्रदर्शन की दी जानकारी

Oct 30, 2026 - 10:12
राज्योत्सव से पहले सारंग हेलीकॉप्टर टीम की राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के आयोजन से पूर्व भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने गुरुवार को रायपुर में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान टीम ने राज्यपाल को सारंग टीम की गौरवशाली उपलब्धियों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में उसकी सहभागिता तथा भारतीय वायु सेना की हवाई प्रदर्शन क्षमता से अवगत कराया। भेंट के दौरान टीम ने बताया कि सारंग अपने सटीक उड़ान कौशल और समन्वित हवाई करतबों के माध्यम से भारत की स्वदेशी विमानन तकनीक एवं रक्षा क्षमताओं का प्रदर्शन करती है। इस अवसर पर भारतीय वायु सेना की व्यावसायिक दक्षता, अनुशासन, उत्कृष्टता और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया गया। सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम राज्योत्सव समारोह में भाग लेने के लिए रायपुर पहुंची है। टीम स्वदेश विकसित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ के माध्यम से रोमांचक हवाई प्रदर्शन करेगी। इसके जरिए वायु सेना के जवान अपने अद्भुत कौशल, अनुशासन, समन्वय और टीम भावना का परिचय देंगे। यह शिष्टाचार भेंट सशस्त्र सेनाओं और आम नागरिकों के बीच आपसी जुड़ाव मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को भारतीय वायु सेना में शामिल होकर राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0