भारत को जानो प्रश्न मंच प्रतियोगिता में 14 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने दिखाया ज्ञान और प्रतिभा
कनीय वर्ग में शांतिनिकेतन स्कूल और वरीय वर्ग में किड्स गार्डन स्कूल ने हासिल किया प्रथम स्थान, सफल प्रतिभागी प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता में लेंगे भाग
गयाजी। भारत विकास परिषद, दक्षिण बिहार प्रांत (पूर्व क्षेत्र) की मगध शाखा की ओर से पंजाबी धर्मशाला, शहमीर तकिया, गयाजी में शाखा स्तरीय अखिल भारतीय ‘भारत को जानो’ प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजित इस प्रतियोगिता में 14 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने कनीय एवं वरीय वर्ग में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा अध्यक्ष डॉ. गिरीश प्रसाद के स्वागत भाषण से हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि डॉ. राम शकल बिन्द, पूर्व विभागाध्यक्ष, हिंदी विभाग, मगध विश्वविद्यालय, बोधगया; विशिष्ट अतिथि विकास रत्न श्री देवनाथ मेहरवार; क्षेत्रीय पर्यावरण संयोजक श्री देव कुमार शर्मा; पर्यवेक्षक इंजीनियर प्रेमेश्वर सिंह; शाखा अध्यक्ष डॉ. गिरीश प्रसाद; सचिव डॉ. रतन देव शर्मा; संस्कार संयोजक श्री मनोज कुमार एवं पूर्व अध्यक्ष श्री शिव कुमार शर्मा ने भारत माता और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया। इसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. राम शकल बिन्द ने ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए धर्म, संस्कृति और भारतीय परंपराओं से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने अपने संबोधन से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। विशिष्ट अतिथि श्री देवनाथ मेहरवार ने बताया कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों के व्यक्तित्व विकास, ज्ञानवर्धन और जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। क्षेत्रीय पर्यावरण संयोजक श्री देव कुमार शर्मा ने भारत विकास परिषद के इतिहास, स्थापना के उद्देश्यों और कार्यशैली की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य बच्चों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सहयोग और सेवा की भावना विकसित करना है। प्रतियोगिता में भारतीय धर्म एवं संस्कृति, इतिहास, राजनीति एवं संविधान, भूगोल, अर्थव्यवस्था, साहित्य, खेलकूद और समसामयिक विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। संस्कार संयोजक श्री मनोज कुमार ने प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी देकर प्रश्न मंच की शुरुआत की। प्रश्न मंच का संचालन श्री श्रीश रंजन एवं श्री डीके शर्मा ने किया, जबकि श्री सुमन विश्वकर्मा ने साहित्य से जुड़े प्रश्न पूछे। अंक संयोजन की जिम्मेदारी श्री समीर कुमार एवं प्रो. अरविंद रूखैयार ने निभाई। कुल प्राप्त अंकों के आधार पर विजेताओं की घोषणा की गई। कनीय वर्ग में शांतिनिकेतन स्कूल ने प्रथम, किड्स गार्डन ने द्वितीय तथा राजकीय मध्य विद्यालय, घुघरीटांड़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, वरीय वर्ग में किड्स गार्डन स्कूल प्रथम, किड्स गार्डन इंटरनेशनल स्कूल द्वितीय तथा कन्या उच्च विद्यालय, रमना एवं राजेंद्र उच्च विद्यालय, गोदावरी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। दोनों वर्गों के सफल प्रतिभागियों के साथ अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी मोमेंटो, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी आगामी प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस अवसर पर काशी प्रसाद महिला सहभागिता की श्रीमती सीमा सहित परिषद के अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संकलन एवं संयोजन संस्कार संयोजक श्री मनोज कुमार तथा पूर्व अध्यक्ष श्री शिव कुमार शर्मा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन शाखा सचिव डॉ. रतन देव शर्मा ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





