गया कॉलेज का बैडमिंटन में दोहरा खिताब, पुरुष और महिला दोनों वर्गों में बना चैंपियन
पुरुष वर्ग में आर.एल.एस.वाई. कॉलेज और महिला वर्ग में ए.एम. कॉलेज को हराया, खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्राचार्य ने दी बधाई
गयाजी। अंतरमहावाविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता में गया कॉलेज, गया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस दोहरी सफलता से महाविद्यालय का मान बढ़ा और उसकी खेल प्रतिभा एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की परंपरा को नई पहचान मिली। पुरुष वर्ग में शानदार जीत पुरुष वर्ग के फाइनल में गया कॉलेज ने आर.एल.एस.वाई. कॉलेज, औरंगाबाद को पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। एकल मुकाबले में गया कॉलेज ने 15–8 और 15–12 से जीत दर्ज की। वहीं, युगल मुकाबले में 15–9 और 15–11 से शानदार विजय हासिल की। विजेता टीम में सतीश कुमार, सुशील सिन्हा, सूरज कुमार एवं दाताराज शामिल रहे। महिला वर्ग में भी लहराया परचम महिला वर्ग के फाइनल में गया कॉलेज की टीम ने ए.एम. कॉलेज, गया को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। एकल मुकाबले में 15–6 और 15–12 तथा दूसरे मुकाबले में 15–4 और 15–8 से जीत दर्ज की। महिला विजेता टीम में खुशी कुमारी, सिद्धि गुप्ता, भाववी एवं अनीशा शामिल रहीं। पुरुष वर्ग में आर.एल.एस.वाई. कॉलेज, औरंगाबाद तथा महिला वर्ग में ए.एम. कॉलेज, गया उपविजेता रहे। दोनों वर्गों में एस.एन. सिन्हा कॉलेज, जहानाबाद ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। गरिमामय समारोह में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन उद्घाटन समारोह में मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार चौधरी, खेल प्रभारी डॉ. सुदर्शन राय, खेल विभाग के सहायक राज कुमार, गया कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश सिंह चंद्रा, डॉ. विभा सिंह, बर्सर डॉ. मार्कण्डेय पांडेय एवं एथलेटिक्स सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त डॉ. राजेश मिश्रा, डॉ. रशीद नईम और डॉ. संजय तिवारी सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्राचार्य ने दी बधाई गया कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश सिंह चंद्र ने पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में मिली सफलता पर विजेता खिलाड़ियों और पीटीआई अंजनी कुमार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास ही सफलता की वास्तविक पहचान है। उन्होंने विश्वास जताया कि गया कॉलेज के खिलाड़ी भविष्य में भी विश्वविद्यालय एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे। दोनों वर्गों में खिताबी जीत से गया कॉलेज परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल है। यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत और महाविद्यालय में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों का परिणाम है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





