राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उपराजधानी में फहराया तिरंगा, परीक्षाओं में कदाचार की निंदा की

Aug 15, 2026 - 17:44
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उपराजधानी में फहराया तिरंगा, परीक्षाओं में कदाचार की निंदा की

DUMKA : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उपराजधानी दुमका के पुलिस लाइन मैदान में तिरंगा फहराया. इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने झारखंड के युवाओं की आकांक्षाओं और सपनों को लेकर चर्चा की. उन्होंने युवाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक रोजगार को महत्वपूर्ण आधारशिला बताया. राज्यपाल ने कहा सरकारी सेवाओं में युवाओं को अवसर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं.

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता हमारे युवाओं के भविष्य और उनके विश्वास से जुड़ा विषय है. परीक्षा व्यवस्था में प्रश्न पत्र लीक, कदाचार अथवा किसी प्रकार की अनियमितता को स्वीकार नहीं किया जा सकता है. ऐसी घटनाएं मेहनत और प्रतिभा के आधार पर आगे बढ़ाने वाले विद्यार्थियों के मनोबल और भविष्य को प्रभावित करती है.

राज्यपाल ने अपेक्षा जताया कि राज्य सरकार परीक्षा प्रणाली की कमियों की गहण समीक्षा कर, उन्हें दूर करने के लिए ठोस कदम उठाएगी. साथ ही परीक्षा में किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों के प्रयोग को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करेगी.

प्रशासन जनता के प्रति बने जवाबदेह

राज्यपाल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास सबसे बड़ी पूंजी है. योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचना प्रशासन को जनता के प्रति जवाबदेह बनाना और भ्रष्टाचार के प्रति सहनशीलता नीति को अपनाना सुशासन की मूल पहचान है. उन्होंने कहा कि तकनीक और डिजिटल व्यवस्था के बेहतर उपयोग से सरकारी सेवाओं को सरल पारदर्शी और नागरिक केंद्रित बनाया जा रहा है. सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कठोर और निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है.

युवाओं से की अपील

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का जो संकल्प देश के सामने रखा है, उसमें हमारे युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. इस राज्य और इस देश का भविष्य युवाओं के हाथों में हैं. युवाओं के पास ऊर्जा है, तकनीक है, नए विचार हैं और कुछ नया करने का साहस भी है. राज्यपाल ने इन शक्तियों को एक दिशा में देकर राज्य और देश के विकास को नई गति प्रदान करने की बात कही.

राज्यपाल ने कहा कि हम सब मिलकर संकल्प लेकर बेटियों को आगे बढ़ाने के पूरे अवसर देंगे. जनजातीय और वंचित समाज के विकास को प्राथमिकता देंगे. युवाओं के सपनों, प्रतिभा एवं परिश्रम का सम्मान करते हुए उन्हें आगे बढ़ाने में हर संभव अवसर उपलब्ध कराएंगे.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0