झारखंड टी20 लीग पर IPL टीमों की नजर, MI और RCB के स्काउट्स पहुंचे रांची

Jun 16, 2026 - 18:12
Jun 16, 2026 - 18:13
झारखंड टी20 लीग पर IPL टीमों की नजर, MI और RCB के स्काउट्स पहुंचे रांची

RANCHI : झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) द्वारा आयोजित झारखंड टी20 लीग इन दिनों अपने रोमांचक दौर में पहुंच चुकी है. राज्य के उभरते क्रिकेटरों के लिए यह टूर्नामेंट एक बड़े मंच के रूप में उभरा है. लीग में युवा खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइजी की भी दिलचस्पी बढ़ा दी है.

यही वजह है कि आईपीएल की दो बड़ी टीमों मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्काउट्स खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखने रांची पहुंचे हैं. मुंबई इंडियंस की ओर से भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज नमन ओझा जबकि आरसीबी की ओर से घरेलू क्रिकेट के अनुभवी खिलाड़ी गोकुल शर्मा लीग पर नजर बनाए हुए हैं.

धोनी की मौजूदगी में हुआ था उद्घाटन

महेंद्र सिंह धोनी की मौजूदगी में लॉन्च हुई इस लीग का पहला सीजन लगातार चर्चा में बना हुआ है. टूर्नामेंट ने न सिर्फ झारखंड बल्कि देशभर के क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया है.

झारखंड क्रिकेट के लिए यह लीग इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि 2025 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में राज्य की ऐतिहासिक जीत के बाद कप्तान ईशान किशन ने भारतीय टीम में वापसी की थी. इसके बाद से राज्य के युवा क्रिकेटर इस प्रतियोगिता को अपने करियर के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देख रहे हैं.

इन खिलाड़ियों पर स्काउट्स की नजर

टूर्नामेंट में शरणदीप सिंह, राजनदीप सिंह, प्रिंस अनुराग मुर्मू और सुप्रियो चक्रवर्ती जैसे युवा खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से खास पहचान बनाई है. इन खिलाड़ियों ने लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन कर स्काउट्स का ध्यान अपनी ओर खींचा है.

झारखंड टी20 लीग को लेकर नमन ओझा ने क्या कहा?

मुंबई इंडियंस के स्काउट नमन ओझा ने टूर्नामेंट के आयोजन और खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा, “झारखंड में टूर्नामेंट का आयोजन बेहद शानदार तरीके से किया जा रहा है. यहां की पिचों की गुणवत्ता काफी अच्छी है और उनमें मौजूद घास गेंदबाजों को मदद प्रदान कर रही है. सबसे खास बात यहां के खिलाड़ियों में दिखने वाली भूख और जुनून है. वे अपने खेल को अगले स्तर तक ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध नजर आते हैं.”

जेएससीए के लिए बड़ी उपलब्धि

जेएससीए के लिए आईपीएल फ्रेंचाइजियों के स्काउट्स की मौजूदगी इस लीग के उद्देश्य की बड़ी सफलता मानी जा रही है. यह संकेत है कि झारखंड टी20 लीग अब सिर्फ एक राज्य स्तरीय टूर्नामेंट नहीं, बल्कि देश के उभरते क्रिकेटरों के लिए आईपीएल तक पहुंचने का मजबूत माध्यम बनती जा रही है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0