पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग, सुरक्षा गार्ड घायल, प्रतिद्वंद्वी संस्थान पर लगा गंभीर आरोप
PATNA : राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग सेंटर के बाहर हुई इस घटना में एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और कई टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला मारपीट और हिंसक झड़प से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. घायल सुरक्षा गार्ड के बयान के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. पटना के एसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि घायल व्यक्ति का इलाज चल रहा है और उनके बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि पुलिस आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज कर रही है, ताकि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा सके. खान सर के कोचिंग सेंटर पर फायरिंग की घटना की सूचना मिलते ही पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), एसपी और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे हमलावरों की पहचान की जा सके.
इस बीच खान सर ने घटना के पीछे एक प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान का हाथ होने की आशंका जताई है. उन्होंने कहा कि उनके संस्थान में कम फीस पर पढ़ाई कराई जाती है और बड़ी संख्या में छात्रों को सफलता मिल रही है, जिससे कुछ लोग असहज महसूस कर रहे हैं. उनके मुताबिक, यही वजह इस हमले के पीछे हो सकती है.
खान सर ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने कोचिंग संस्थान के कार्यालय में तोड़फोड़ की और फायरिंग भी की. उन्होंने कहा कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है. साथ ही घायल सुरक्षा गार्ड ने भी कथित तौर पर हमलावरों की पहचान कर ली है. उनका दावा है कि हमलावर पास के एक कोचिंग सेंटर से जुड़े लोग हैं. उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग करते हुए कहा कि गरीब छात्रों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनका उद्देश्य है.
खान सर ने कहा कि जब बड़ी संख्या में छात्र सफलता हासिल करते हैं तो कुछ असामाजिक तत्व इसे बर्दाश्त नहीं कर पाते और डराने-धमकाने की कोशिश करते हैं.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











