IND vs SL: सोनल दिनूशा और पसिंदु ने बचाई श्रीलंका की लाज, कोलंबो टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय गेंदबाजों से हुई बड़ी गलती

Aug 25, 2026 - 18:05
IND vs SL: सोनल दिनूशा और पसिंदु ने बचाई श्रीलंका की लाज, कोलंबो टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय गेंदबाजों से हुई बड़ी गलती

SPORTS DESK : सोनल दिनूशा और पसिंदु सूरियाबंदारा के अर्धशतकों के दम पर श्रीलंका की टीम फॉलोऑन बचाने के करीब पहुंच गई है। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंकाई टीम ने 265 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया के गेंदबाजों को मेजबान टीम के पुछल्ले बल्लेबाजों ने खूब परेशान किया है, जिसकी वजह से श्रीलंकाई टीम 265 रनों के स्कोर तक पहुंच सकी।

भारत ने श्रीलंका के 8 विकेट ले लिए हैं लेकिन सोनल अभी भी क्रीज पर मौजूद हैं। वे श्रीलंका के निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर टीम के लिए संकटमोचक बने। भारत के लिए मानव सुथार और प्रसिद्ध कृष्णा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3-3 विकेट अपने नाम किए।

भारत ने दिन की शुरुआत में ही बनाया दबाव

दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद श्रीलंका की टीम ने 8 रन बनाकर 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद तीसरे दिन का खेल शुरू हुआ। टीम इंडिया ने दिन की शुरुआत में ही मेजबानों को झटका दे दिया। सलामी बल्लेबाज सामिल मिशारा को तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने अपने जाल में फंसा लिया और उन्हें 19 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। इसी के साथ श्रीलंका ने 35 रनों के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिया था।

तीन विकेट गंवाने के बाद श्रीलंका के लिए पसिंदु सूरियाबंदारा और कमिंदु मेंडिस ने मोर्चा संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी को कृष्णा ने मेंडिस को आउट कर तोड़ दिया। कप्तान धनंजय डी सिल्वा भी कुछ खास नहीं कर सके और मानव सुथार ने उन्हें 8 रनों के स्कोर पर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया।

पसिंदु सूरियाबंदारा ने लगाया अर्धशतक

पसिंदु सूरियाबंदारा को पहले टेस्ट मैच के दौरान दिनेश चांदीमल की जगह कन्कशन सब्सीट्यूट के रूप में डेब्यू करने का मौका मिला था। वे पहले ही गेंद पर आउट हो गए थे। हालांकि, दूसरे मुकाबले में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की और श्रीलंका को मुश्किल से बाहर निकाला। सूरियाबंदारा ने 133 गेंदों पर 80 रनों की पारी खेली। उन्हें दिग्गज हरफनमौला खिलाड़ी रवींद्र जडेजा ने मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया।

प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार की शानदार गेंदबाजी

भारत के लिए प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी की। दोनों ने तीन-तीन विकेट अपने नाम किए। श्रीलंका ने 173 रनों पर एक समय सातवां विकेट गंवा दिया था और ऐसा लग रहा था कि वे जल्द ही आउट हो जाएंगे। हालांकि, सोनल दिनूशा ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर पारी को संभाला और अपनी टीम को फॉलोऑन के बहुत करीब पहुंचा दिया।

सोनल दिनूशा बने श्रीलंका के संकटमोचक

दिनूशा ने पहले टेस्ट मैच की पारी पारी में शतक लगया था, जबकि दूसरी पारी में भी 84 रनों की पारी खेली थी। उन्होंने अपनी उसी शानदार फॉर्म को दूसरे टेस्ट में भी जारी रखा है। दिनूशा ने श्रीलंका के लिए अर्धशतक लगाया और टीम को फॉलोऑन से बचाने के बहुत करीब हैं। सोनल तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 85 रन बनाकर नाबाद हैं। चौथे दिन वे इसी फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे और श्रीलंका को 304 रनों तक पहुंचाना चाहेंगे।

पुछल्ले बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को किया तंग

भारतीय टीम ने श्रीलंका के 7 विकेट जल्दी ले लिए थे। हालांकि, पुछल्ले बल्लेबाजों ने भारतीय टीम की चिंता बढ़ा दी है। केशारा नुवंता ने 74 गेंदें खेली, जबकि लहिरू कुमारा 50 गेंदें खेल चुके हैं। दूसरे छोर ने सोनल लगातार शॉट्स खेल रहे हैं, जिसकी वजह से श्रीलंका फॉलोऑन बचाने के करीब है। श्रीलंका ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 8 विकेट के नुकसान पर 265 रन बना लिए हैं। फॉलोऑन बचाने के लिए उन्हें 304 रन बनाने हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0