'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में आएगा 10 साल का लीप, एकता कपूर ने प्रोमो किया शेयर

Jul 3, 2026 - 19:12
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में आएगा 10 साल का लीप, एकता कपूर ने प्रोमो किया शेयर

ENTERTAINMENT DESK : 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के मेकर्स ने एक नया प्रोमो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इसमें दर्शकों को शो में 10 साल के लीप के बाद बदले हुए विरानी मेंशन 'शांतिनिकेतन' की पहली झलक देखने को मिलेगी। 

इस मशहूर डेली सोप के 26 साल पूरे होने पर प्रोड्यूसर एकता कपूर ने सोशल मीडिया पर प्रोमो शेयर किया और उन सभी का दिल से शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने शो को यादगार बनाने में अपना खास योगदान दिया है। सोशल मीडिया पर यह नया प्रोमो कई वजह से चर्चा में है।

क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2 का नया प्रोमो

'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' का लेटेस्ट प्रोमो शेयर करते हुए एकता ने लिखा, '26 साल पहले एक ऐसा शो आया, जिसने मेरी जिंदगी बदल दी।' उन्होंने इतने सालों तक अटूट लगन के साथ काम करने के लिए स्टार प्लस, बालाजी टेलीफिल्म्स, स्मृति ईरानी, ​​समीर नायर, कास्ट, राइटर्स और पूरी क्रू टीम का शुक्रिया अदा किया। 

उन्होंने लिखा: 'समीर सर का शुक्रिया, स्टार प्लस का शुक्रिया, बालाजी टीम का शुक्रिया, तनु का शुक्रिया, स्मृति का शुक्रिया, सभी एक्टर्स का शुक्रिया और हां, सबसे बढ़कर, उन राइटर्स और टीम का शुक्रिया जो इसे ऐसा बनाने के लिए लगातार काम करते हैं। जय माता दी।'

10 साल बाद कैसा होगा शांतिनिकेतन का हाल

लेटेस्ट प्रोमो में दर्शकों को लीप के बाद शांतिनिकेतन के अंदर के नए माहौल से रूबरू कराया गया है। इसमें नियति (परख मदान) और दामिनी (रावी गुप्ता) मशहूर 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' टाइटल ट्रैक पर वीडियो शूट करती दिख रही हैं। क्लिप से यह भी पता चलता है कि कभी एक-साथ रहने वाला विरानी मेंशन अब दो हिस्सों में बंट गया है और दोनों महिलाएं गर्व के साथ दर्शकों को अपने-अपने हिस्से का टूर कराती हैं। वहीं नियति की तरफ बैकग्राउंड में नंदिनी खड़ी दिखाई देती है, जो परिवार के अंदर बदलते रिश्तों की ओर इशारा करती है।

पारिवारिक समीकरण से परेशान तुलसी 

10 साल का यह लीप विरानी परिवार की जिंदगी में एक नए अध्याय की शुरुआत करेगा, जिसमें नए रिश्ते, बदलते पारिवारिक समीकरण और सालों से चले आ रहे झगड़े देखने को मिलेंगे। यह सब कुछ समय के साथ और गहरे हो जाएंगे, जहां नई पीढ़ी मुख्य भूमिका में होगी। वहीं तुलसी एक बार फिर परिवार की मुश्किलों के बीच फंसी हुई नजर आएंगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0