POCSO मामले और पत्रकार की गिरफ्तारी पर NHRC सख्त, झारखंड सरकार से 2 सप्ताह में मांगा जवाब
रांची। झारखंड में 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग लड़की से जुड़े POCSO मामले और इस मामले की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार की गिरफ्तारी को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए झारखंड के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) को नोटिस जारी किया है। दोनों अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) सौंपने को कहा गया है।
रांची। झारखंड में 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग लड़की से जुड़े POCSO मामले और इस मामले की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार की गिरफ्तारी को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए झारखंड के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) को नोटिस जारी किया है। दोनों अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) सौंपने को कहा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, NHRC को 26 नवंबर को इस मामले में शिकायत प्राप्त हुई थी। 27 नवंबर को आयोग ने मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 12 के तहत शिकायत पर संज्ञान लिया। आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कराने का निर्देश दिया है।
मीडिया कार्यालय में छापेमारी और उपकरण जब्त करने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक जनप्रतिनिधि के खिलाफ POCSO का मामला दर्ज होने के बाद स्थानीय समाचार संगठन के कार्यालय में पुलिस ने छापेमारी की थी। इस दौरान पत्रकारिता से जुड़े उपकरण जब्त किए गए और मामले की रिपोर्टिंग करने वाले एक पत्रकार को गिरफ्तार किया गया।
शिकायतकर्ता ने पुलिस की कार्रवाई की परिस्थितियों, छापेमारी की वैधता, पत्रकारिता से जुड़े उपकरणों की जब्ती और पत्रकार की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं। साथ ही इस पूरे मामले में प्रेस की स्वतंत्रता प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।
नाबालिग पीड़िता की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग
NHRC में दी गई शिकायत में 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग के मामले की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने नाबालिग के बयान में कथित बदलाव की परिस्थितियों, साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इसके अलावा पूरे प्रकरण की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने तथा पुलिस कार्रवाई में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
गृह मंत्रालय को भी भेजी गई कार्रवाई की प्रति
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने झारखंड के मुख्य सचिव और DGP को आरोपों की जांच कर दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। आयोग की कार्यवाही की एक प्रति केंद्रीय गृह मंत्रालय के महिला सुरक्षा विभाग के संयुक्त सचिव को भी सूचना के लिए भेजी गई है।
अब राज्य सरकार और पुलिस विभाग की जांच रिपोर्ट पर सबकी नजरें टिकी हैं। NHRC की इस कार्रवाई के बाद मामला झारखंड में मानवाधिकार, नाबालिगों की सुरक्षा और प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे के रूप में सामने आया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0






