सरायकेला में चला बुलडोजर, टाटा-कांड्रा रोड से हटाया गया अतिक्रमण
प्रशासनिक टीम के मौके पर पहुंचते ही कई दुकानदारों और कारोबारियों ने खुद ही अपना अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया जबकि कई स्थानों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए
SARAIKELA : सरायकेला-खरसावां जिले में प्रशासन ने टाटा-कांड्रा मुख्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. इसी कड़ी में उपायुक्त के निर्देश पर गम्हरिया क्षेत्र में सर्विस रोड के किनारे चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान से अवैध कब्जा कर कारोबार चला रहे लोगों में हड़कंप मच गया.
बुलडोजर चलाकर किए गए अवैध निर्माण ध्वस्त
प्रशासनिक टीम के मौके पर पहुंचते ही कई दुकानदारों और कारोबारियों ने खुद ही अपना अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया जबकि कई स्थानों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए. वर्षों से सड़क किनारे फैले अतिक्रमण पर अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला.
नहीं चली सिफारिश
अभियान के दौरान कुछ अतिक्रमणकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच हल्की नोंक-झोंक भी हुई. कई लोगों ने कार्रवाई रोकने के लिए अनुनय-विनय और दबाव बनाने का प्रयास भी किया लेकिन प्रशासनिक सख्ती के आगे उनकी एक नहीं चली.
बढ़ते ट्रैफिक और दुर्घटनाओं को कम करने पर जोर
अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक और दुर्घटनाओं को देखते हुए सर्विस रोड को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा. सड़क सुरक्षा और यातायात सुगमता से कोई समझौता नहीं होगा।
अभियान आगे भी जारी रहने की चेतावनी
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा. गम्हरिया के बाद कांड्रा, आरआईटी मोड़ और आदित्यपुर में भी अतिक्रमण हटाया जाएगा. लोगों से अपील की गई है कि स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें अन्यथा कानूनी कार्रवाई के साथ जुर्माना भी वसूला जाएगा.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











