राजनीति से ऊपर रिश्ते, वरिष्ठ नेता इंदर सिंह नामधारी से मिलने बीच रास्ते से लौटे आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो, पुराने दिनों की यादें ताजा कर हुए भावुक

Jun 8, 2026 - 17:19
राजनीति से ऊपर रिश्ते, वरिष्ठ नेता इंदर सिंह नामधारी से मिलने बीच रास्ते से लौटे आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो, पुराने दिनों की यादें ताजा कर हुए भावुक

PALAMU : राजनीति में व्यस्त कार्यक्रम और सियासी रणनीतियां अक्सर रिश्तों पर भारी पड़ती नजर आती हैं, वहीं पलामू में एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने राजनीतिक गलियारों में अलग ही संदेश दिया। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने वरिष्ठ नेता एवं झारखंड विधानसभा के प्रथम अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी से मिलने के लिए अपना काफिला वापस मोड़ दिया।

दरअसल, युवा आजसू के पलामू प्रमंडलीय सम्मेलन में शामिल होने के बाद सुदेश महतो रांची लौट रहे थे। उनका काफिला शहर की सीमा पार कर चुका था, तभी उन्हें जानकारी मिली कि इंदर सिंह नामधारी सर्किट हाउस में मौजूद हैं। यह सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत वाहन वापस मोड़ने का निर्देश दिया और सीधे सर्किट हाउस पहुंच गए।

अचानक सुदेश महतो को अपने सामने देखकर इंदर सिंह नामधारी भी भावुक हो उठे। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से मुलाकात की और काफी देर तक बातचीत की। इस दौरान झारखंड आंदोलन, राज्य गठन के संघर्ष, पुराने राजनीतिक अनुभवों और राज्य निर्माण के दौर की कई यादें ताजा हुईं।

बताया जाता है कि दोनों नेताओं ने वर्तमान राजनीतिक हालात और झारखंड के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। लंबे समय बाद हुई इस मुलाकात ने दोनों नेताओं को पुरानी यादों में खो जाने का मौका दिया। इस अवसर पर आजसू के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत और केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर भी मौजूद रहे। उन्होंने इस मुलाकात को राजनीतिक शिष्टाचार, सम्मान और आत्मीयता का प्रतीक बताया।

पलामू में हुई यह मुलाकात पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही। सुदेश महतो द्वारा वरिष्ठ नेता के प्रति दिखाए गए सम्मान और संवेदनशीलता को लोगों ने सकारात्मक रूप से लिया। इस मुलाकात ने यह भी दिखाया कि राजनीति में विचारों का मतभेद हो सकता है, लेकिन व्यक्तिगत रिश्तों और सम्मान की अहमियत हमेशा बनी रहती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0