झारखंड के ‘वॉटर बॉय’ इशांक को CM हेमंत सोरेन ने किया सम्मानित, 5 लाख का चेक और प्रशस्ति पत्र दे बढ़ाया हौसला
कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम ने इशांक को 5 लाख रुपये का चेक, अंगवस्त्र, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया।
RANCHI : झारखंड के सात वर्षीय तैराक इशांक सिंह लगातार अपनी उपलब्धियों से राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले इस नन्हे खिलाड़ी को गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सम्मानित किया। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम ने इशांक को 5 लाख रुपये का चेक, अंगवस्त्र, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया।
झारखंड के ‘वॉटर बॉय’ सम्मानित
मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी कम उम्र में इशांक ने जिस साहस, अनुशासन और मेहनत का परिचय दिया है, वह पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इशांक के माता-पिता और कोच को भी बधाई देते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन और समर्पण से बच्चे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं।
दरअसल, इशांक सिंह ने 30 अप्रैल 2026 को श्रीलंका के तलाईमन्नार से तमिलनाडु के धनुषकोडी तक फैले कठिन पाल्क स्ट्रेट को पार कर इतिहास रच दिया था। उन्होंने लगभग 29 किलोमीटर की दूरी 9 घंटे 50 मिनट में पूरी की। इसी उपलब्धि के साथ वह पाल्क स्ट्रेट पार करने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के तैराक बन गए।
इशांक की इस उपलब्धि को ‘यूनिवर्सल रिकॉर्ड्स फोरम’ ने भी मान्यता दी है और उन्हें “यंगेस्ट एंड फास्टेस्ट पाल्क स्ट्रेट स्विमर” का खिताब दिया गया है। रांची के JVM श्यामली स्कूल में कक्षा 3 के छात्र इशांक ने इस चुनौती के लिए धुर्वा डैम में रोजाना 7-8 घंटे तक कठिन अभ्यास किया था। उन्होंने जय जसवंत (10 वर्ष) के पुराने रिकॉर्ड को तोड़कर यह नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मौके पर खेल विभाग को निर्देश दिया कि राज्य में तैराकी के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएं ताकि इशांक जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे बढ़ सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए हर संभव सहयोग देगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











