जरूरतों को पूरा करने में सक्षम साबित होगी नई शिक्षा नीति : किरण सिंह

Jun 5, 2024 - 05:16
जरूरतों को पूरा करने में सक्षम साबित होगी नई शिक्षा नीति : किरण सिंह


रांची। शहर की लोकप्रिय समाजसेविका व सामाजिक संस्था “सिटीजन एक्शन ग्रुप” की अध्यक्ष किरण सिंह ने कहा है कि नई शिक्षा नीति (एनईपी) 21वीं सदी में देश की जरूरतों और चुनौतियों को पूरा करने में सक्षम साबित होगी। इस नीति का सही तरीके से क्रियान्वयन हुआ, तो देशवासियों को इसका भरपूर लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश-दुनिया की बदलती हुई जरूरतों के मुताबिक नई शिक्षा नीति में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। स्कूली शिक्षा के संदर्भ में एनईपी एक क्रांतिकारी कदम है। श्रीमती सिंह ने कहा कि इससे झारखंड जैसे जनजातीय बहुल इलाकों में क्षेत्रीय भाषाओं के माध्यम से बेहतर गुणवत्तायुक्त शिक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। नई शिक्षा नीति व्यावहारिक और वैज्ञानिक बुनियाद पर आधारित है। इससे प्रारंभिक शिक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय भाषाओं से संबंधित विषयों की जानकारी भी छात्रों को मिल सकेगी। नई शिक्षा नीति राष्ट्र हित में है। इस नीति से झारखंड जैसे जनजातीय बहुल इलाकों के लोग भी लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों की प्राकृतिक प्रतिभा और अनूठी क्षमता विकसित होगी। नई नीति कई संभावनाएं लेकर आई है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय भाषाओं और संस्कृति के संवर्द्धन में भी काफी सहायक होगी। इससे क्षेत्रीय भाषाओं को मजबूती मिलेगी। साथ ही स्कूलों में शैक्षणिक पाठ्यक्रमों और व्यवसायिक शिक्षा को भी चुस्त-दुरुस्त किया जा सकेगा। नई नीति में जनजातीय और लुप्तप्राय भाषाओं के संरक्षण-संवर्द्धन पर बल दिया गया है। यह सरकार का सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के बच्चे शिक्षा के माध्यम से अपनी माटी से जुड़ सकेंगे। श्रीमती सिंह ने कहा कि नई शिक्षा नीति से देश में नयी संभावनाएं जगी है। इसका लाभ निश्चित तौर पर देशवासियों को मिलेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0