बख्तियारपुर : दर्जनों मामले में संलिप्त टाल क्षेत्र का कुख्यात लंका यादव सहयोगी समेत गिरफ्तार

Jun 20, 2020 - 09:24
बख्तियारपुर : दर्जनों मामले में संलिप्त टाल क्षेत्र का कुख्यात लंका यादव सहयोगी समेत गिरफ्तार

बख्तियारपुर : बख्तियारपुर टाल क्षेत्र में आतंक मचाने वाला कुख्यात अपराधी लंका यादव उर्फ अवधेश यादव एवं सहयोगी शम्भू यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने एक पिस्तौल व दो कारतूस भी बरामद किया है। दोनों पर बख्तियारपुर के अलावा आसपास के थानों में भी कई मामले दर्ज बताये जाते हैं।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी उपेंद्र शर्मा को खुफिया सूत्रों से यह जानकारी मिली कि कुख्यात अपराधी लंका यादव उर्फ अवधेश यादव मिसी गांव स्थित अपने घर पर आया हुआ है। सुचना मिलते ही वरीय आरक्षी अधीक्षक ने सहायक आरक्षी अधीक्षक अंबरीश राहुल के नेतृत्व में एक टीम गठित कर कार्रवाई का आदेश दिया। निर्देश मिलते ही एएसपी अंबरीश राहुल, बख्तियारपुर थानाध्यक्ष कमलेश कुमार शर्मा, अवर निरीक्षक राजेश कुमार, गंगासागर व कुंदन कुमार के साथ मिसी गांव पहुंचे और लंका यादव के मकान को घेर लिया। हालांकि मकान में छुपे दोनों अपराधियों ने भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के आगे उन दोनों को एक नहीं चली और दोनों को धर दबोचा।

तलाशी लेने पर पुलिस ने लंका यादव के पास से एक देशी पिस्तौल व दो कारतूस बरामद किया। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार शर्मा ने बताया कि पकड़े गये दोनों अपराधियों पर बख्तियारपुर के अलावा बेलछी थाने में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के सहित करीब दर्जन भर संगीन मामले दर्ज बताये जाते हैं।

थानाध्यक्ष ने बताया कि करीब एक पखवारे पूर्व इन दोनों ने गांव में ही अंधाधुंध फायरिंग कर एक महिला सहित तीन लोगों को जख्मी कर दिया था। उन्होंने बताया कि करीब दस वर्ष पूर्व इन लोगों ने हरनौत के एक इंजीनियर को गोली मारकर जख्मी कर दिया था। पुलिस दोनों के आपराधिक रिकाॅर्ड को खंगालने के साथ ही जेल भेजने की कार्रवाई में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0