बैंककर्मियों और विधानसभाकर्मियों ने पेश की मानवता की मिसाल

गरीबों को प्रतिदिन करा रहे भोजन

बैंककर्मियों और विधानसभाकर्मियों ने पेश की मानवता की मिसाल

रांची : वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए किए गए लॉकडाउन के दौरान गरीबों को हो रही परेशानियों के मद्देनजर विभिन्न संस्थाएं और सामाजिक संगठन राहत कार्य में जुटे हैं। इस आपदा के समय व्यक्तिगत तौर पर भी कई समाजसेवी संकट से जूझ रहे भोजन से वंचित गरीबों के मददगार साबित हो रहे हैं। इसमें एचईसी परिसर स्थित भारतीय स्टेट बैंक, सेक्टर दो शाखा के कर्मियों और झारखंड विधानसभा के कुछ कर्मियों का नाम अग्रिम पंक्ति में शुमार है। पीड़ित मानवता की सेवा के प्रति समर्पित इन बैंककर्मियों और विधानसभाकर्मियों के सहयोग से आसपास के बेघर, बेसहारा और बेहद गरीब लोगों को विगत 17 अप्रैल से प्रतिदिन दोपहर का भोजन कराया जा रहा है। इस संबंध में एसबीआई सेक्टर दो शाखा के कर्मी व समाजसेवी मिथिलेश सिंह ने बताया कि मानवता की सेवा के इस नेक कार्य में कई अन्य समाजसेवियों का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन की अवधि तक गरीबों को प्रतिदिन दोपहर का भोजन कराने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत गरीबों को किसी दिन खिचड़ी, किसी दिन दाल-भात, तो कभी उनकी पहुंच से दूर व्यंजन पूड़ी-सब्जी, कभी चिकेन-भात परोसा जाता है। उन्होंने कहा कि गरीबों को एक समय का भोजन कराने का सिलसिला लॉक डाउन की अवधि तक जारी रहेगा। इस पुनीत कार्य में बैंककर्मी इंदू कुमारी, प्रतिभा कुमारी, सुमन कुमार सिंह, सुनील कुमार, शंभू रजक और विधानसभा कर्मी शरद सहाय उर्फ ओपी, डब्लू सहित अन्य का महत्वपूर्ण योगदान है।