योगदा सत्संग ने छह हजार परिवारों को मदद कर पेश की मानवताकी मिसाल

Jun 5, 2020 - 10:02
योगदा सत्संग ने छह हजार परिवारों को मदद कर पेश की मानवताकी मिसाल

रांची : लाॅकडाउन के दौरान राजधानी स्थित करमटोली, सीरमटोली, हिंदपीढ़ी और चुटिया में जरूरतमंदों को खाद्यान्न व अन्य उपयोगी सामान उपलब्ध कराने में योगदा सत्संग आश्रम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था की ओर से अब तक
छह हजार परिवारों के बीच खाद्यान्न वितरण किया गया। कोविड-19 के संक्रमण
काल में लाॅकडाउन की अवधि में योगदा आश्रम ने शहरी क्षेत्र के अलावा निकटवर्ती ग्रामीण अंचलों में खाद्यान्न और अन्य जरूरी सामग्री का वितरण कर उन परिवारों को राहत पहुंचाया, जो बेहद जरूरतमंद थे।
शुक्रवार को आश्रम द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार सवा दो महीने की लाॅकडाउन अवधि में बीस हजार किलो चावल, दाल, 18 हजार किलो सब्जियों सहित काफी मात्रा में सरसों तेल, नमक व मसाले वितरित किये गये। इस दौरान संक्रमण से बचाव के लिए 15 हजार मास्क और 20
हजार साबुन टिकिया भी उपलब्ध कराये गये। तमाम सहायता किट आश्रम परिसर में संन्यासियों और सेवकों द्वारा स्वच्छता मानकों का
पालन करते हुए तैयार किये जाते रहे। लुप्तप्राय क्रियायोग से दुनिया भर को परिचित कराने वाले परमहंस श्री श्री योगानंद द्वारा स्थापित इस आश्रम ने आपदा काल में पहले की ही भांति अपना सेवा कार्य चलाते हुए एक प्रचार
वाहन का भी उपयोग किया ताकि जरूरतमंद परिवार एक तो सहायता के लिए संपर्क कायम कर सकें, दूसरे वे कोविड संक्रमण से स्वयं को मुक्त रखने के उपाय कर सकें। परमहंस योगानंद ने पीड़ित और जरूरतमंद मानव की सेवा को आत्म साक्षात्कार का सर्वोत्तम साधन बताया था।
आश्रम की विज्ञप्ति में यह बताया गया है कि लाॅकडाउन अवधि में
पुलिसकर्मियों ने एक ओर सराहनीय ड्यूटी निभाई, दूसरी ओर वे अपनी व्यस्तता के बावजूद सहायता कार्य में संलग्न रहे। चुटिया थाने द्वारा बहुत
साफ-सफाई के साथ भूखे लोगों को दिये जा रहे भोजन को देखकर आश्रम द्वारा उत्पादित सब्जियों की बड़ी खेपें उन्हें भेंट की गईं। ऐसे ही आश्रम के
साधकों-अनुयायियों ने रांची और हटिया रेलवे स्टेशन के निकट लगातार दो महीने तक हर दिन पचास भूखे लोगों को तैयार भोजन पैकेट उपलब्ध कराया। इस पूरे सेवा काल के दौरान आश्रम से जुड़े चिकित्सकों ने हर सेवा शिविर में लोगों से कोविड से बचाव के लिए मास्क का उपयोग, एक-दूसरे से शारीरिक दूरी
बनाये रखने और साबुन आदि से कई बार हाथ धोने की जानकारी दी।
आश्रम ने मीडिया का इस बात के लिए आभार व्यक्त किया है कि उसके सेवा कार्यों को प्रसारित किये जाने से जरूरतमंदों को संपर्क साधने में सुविधा हो गई। इसी प्रकार लाॅकडाउन अवधि में प्रशासन द्वारा बेहतर प्रबंधन और
सेवा कार्य में लगे लोगों/संस्थाओं को उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के लिए भी आश्रम ने आभार व्यक्त किया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0