छात्रहित के 32 सूत्री मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का प्रदर्शन, कुलपति को सौंपा मांग-पत्र

बोधगया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, मगध विश्वविद्यालय क्षेत्र द्वारा आज आयोजित सिनेट बैठक के दौरान छात्रहित, महाविद्यालय हित एवं विश्वविद्यालय हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए और लंबे समय से लंबित अपनी मांगों के समाधान की मांग की। प्रदर्शन के उपरांत छात्र प्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने कहा कि नामांकन, पंजीयन, परीक्षा, परीक्षा परिणाम, अंकपत्र, डिग्री, छात्रावास, आधारभूत सुविधाओं, अतिरिक्त शुल्क वसूली तथा विभिन्न महाविद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिससे विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र एवं भविष्य प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान कई छात्रों पर लाठीचार्ज किए जाने की सूचना मिली, जिसमें कई छात्र घायल हुए। परिषद ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रहित की लोकतांत्रिक मांगों को बलपूर्वक दबाने के बजाय विश्वविद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कुलपति को 32 सूत्री मांग-पत्र सौंपते हुए विभिन्न मांगों पर अविलंब कार्रवाई की मांग की। प्रमुख मांगों में गया कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच, गया कॉलेज एवं अनुग्रह महाविद्यालय में फंड ट्रांसफर की निष्पक्ष जांच, विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव, समय पर नामांकन, पंजीयन, परीक्षा एवं परिणाम, लंबित अंकपत्र एवं डिग्री का वितरण तथा PAT आवेदन शुल्क की नियमानुसार वापसी शामिल है। परिषद ने विभिन्न महाविद्यालयों में PG, MCA, MPT, B.Com, M.Com एवं अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रम प्रारंभ करने, बंद पड़े छात्रावासों को चालू करने, स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय सहित आधारभूत सुविधाओं में सुधार करने, विश्वविद्यालय परिसर में खेल मैदान का निर्माण करने तथा केंद्रीय पुस्तकालय एवं जर्जर भवनों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण की भी मांग की। इसके साथ ही परिषद ने प्रॉस्पेक्टस, ऑनलाइन आवेदन, नामांकन, पंजीयन, परीक्षा फॉर्म, प्रमाण-पत्र, इंटर्नशिप एवं अन्य मदों के नाम पर हो रही कथित अतिरिक्त एवं अनावश्यक शुल्क वसूली पर रोक लगाने की मांग की। UG की फीस सभी महाविद्यालयों में एक समान करने, निजी महाविद्यालयों की मनमानी शुल्क वसूली रोकने तथा पात्र छात्राओं के लिए निःशुल्क शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। प्रदर्शन एवं मांग-पत्र सौंपे जाने के उपरांत कुलपति महोदय, कुलसचिव, कुलानुशासक एवं डीएसडब्ल्यू के साथ पुलिस एवं प्रशासन की उपस्थिति में वार्ता हुई। वार्ता के दौरान परिषद के प्रतिनिधियों ने 32 सूत्री मांग-पत्र के सभी बिंदुओं को विस्तारपूर्वक रखा। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए सभी संबंधित बिंदुओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई करने तथा 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कहा कि मगध विश्वविद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों की ये समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं और अब इन पर केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस एवं समयबद्ध कार्रवाई की आवश्यकता है। परिषद ने स्पष्ट किया कि वह 15 दिनों की निर्धारित अवधि के भीतर मांगों पर होने वाली कार्रवाई की समीक्षा करेगी। परिषद ने स्पष्ट कहा कि यदि छात्रहित से जुड़ी मांगों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान नहीं किया जाता है, तो विद्यार्थियों के हित में आगे भी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रहेगा। इस अवसर पर मोहित कुमार, सूरज सिंह, शिवनारायण कुमार, अमित कुमार, विनायक कुमार, मैक्स कुमार, प्रिया सिंह, प्रभात कुमार, वैष्णवी कुमारी, पवन कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Aug 22, 2026 - 21:49
छात्रहित के 32 सूत्री मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का प्रदर्शन, कुलपति को सौंपा मांग-पत्र

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0