बेहतर विधि-व्यवस्था बनाए रखने में जुटी है महागठबंधन की सरकार : आलोक कुमार दुबे

Jul 7, 2020 - 10:04
बेहतर विधि-व्यवस्था बनाए रखने में जुटी है महागठबंधन की सरकार : आलोक कुमार दुबे

रांची। कांग्रेस के प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे ने कहा है कि किसी एक आपराधिक घटना से राज्य में कानून- व्यवस्था का आकलन करना उचित नहीं है। श्री दुबे लातेहार जिले के बरवाडीह में भाजपा नेता की हत्या होने पर भाजपाइयों द्वारा राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति के संदर्भ में दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी भी व्यक्ति की हत्या और आपराधिक वारदातों की कड़ी निंदा करती है। ऐसे जघन्य कांड को अंजाम देने वाले अपराधियों को सलाखों के पीछे करने की मांग करती है। साथ ही उन्होंने भाजपा को नसीहत देते हुए कहा कि इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाएं। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली महागठबंधन की सरकार राज्य में विधि-व्यवस्था बनाए रखते हुए बेहतर सुशासन स्थापित करने की दिशा में प्रयासरत है। राज्य सरकार कोरोना संक्रमण काल के दौरान जिस तरह जनता की सेवा के प्रति समर्पित रही है, वह पूरे देश में एक मिसाल बना है। यह भाजपा को नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल में नेशनल क्राइम रिपोर्ट ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार अपराध के मामले में झारखंड पहले नंबर पर रहा। वहीं, महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न में दूसरे नंबर पर और जनजातीय समुदाय के खिलाफ अत्याचार के मामले में झारखंड तीसरे नंबर पर रहा। श्री दुबे ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में डकैती, अपहरण, हत्या छिनतई सहित अन्य अपराध के मामले में झारखंड अव्वल रहा। महागठबंधन की सरकार सत्ता संभालते ही सूबे की विधि-व्यवस्था को बेहतर बनाने और विकास योजनाओं को गति देने में जुट गई। जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधवा विलाप करना बंद करे। राज्य की जनता भलिभांति जानती है कि भाजपा के शासनकाल में जनता कितनी सुरक्षित थी?

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0