सामाजिक संस्था “दिशा” के सौजन्य से ढाई सौ गरीबों को कराया गया भोजन

भारतीय नौसेना के सेवानिवृत्त अधिकारी ने किया सहयोग

May 16, 2020 - 11:22
सामाजिक संस्था “दिशा” के सौजन्य से ढाई सौ गरीबों को कराया गया भोजन

रांची : लाॅकडाउन में गरीबों को भोजन के लिए हो रही परेशानियों को देखते हुए तुपुदाना के आरके मिशन रोड स्थित हैप्पी चिल्ड्रेन स्कूल परिसर में संचालित लंगर में आज (शनिवार को) ढ़ाई सौ लोगों को भोजन कराया गया। इसमें तुपुदाना व आसपास के ग्रामीण इलाकों के अत्यंत गरीब, बेसहारा, दृष्टिहीन बच्चे, महिलाएं सहित काफी संख्या में वृद्धजन शामिल थे। सामाजिक संस्था “दिशा” व ऑल इंडिया विमेंस कॉन्फ्रेंस के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे लंगर में आज भारतीय नौसेना के रिटायर्ड अधिकारी वाइस एडमिरल नारायण प्रसाद ने पीड़ित मानवता के प्रति संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए व्यक्तिगत रूप से सहयोग किया। इस संबंध में समाजसेवी व भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी दिलबाग सिंह ने बताया कि लॉकडाउन शुरू होने के बाद से प्रतिदिन गरीबों के लिए चलाए जा रहे लंगर में विभिन्न समाजसेवियों का सहयोग मिल रहा है। अपने सहपाठियों, सहकर्मियों व समाजसेवियों के सहयोग से संकट के समय विषम परिस्थितियों में भी गरीबों की सेवा करने में सक्षम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाॅकडाउन की अवधि तक गरीबों के लिए लंगर चलता रहेगा।

मानव सेवा के प्रति मां-बेटे के समर्पण की इंडियन नेवी के वाइस एडमिरल (रिटायर्ड) नारायण प्रसाद ने की सराहना पीड़ित मानवता की सेवा के प्रति “दिशा” (सामाजिक संस्था) के अध्यक्ष व भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी दिलबाग सिंह और उनकी माता शांति सिंह (अध्यक्ष, ऑल इंडिया वीमेन्स कान्फ्रेंस, हटिया-तुपुदाना शाखा) के समर्पण की चहुंओर सराहना की जा रही है। समाजसेवा के क्षेत्र में मां-बेटे का उल्लेखनीय योगदान समाज के अन्य लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। मुंबई स्थित मझगांव डॉक लिमिटेड (एमडीएल) के सीएमडी व इंडियन नेवी के रिटायर्ड वाइस एडमिरल नारायण प्रसाद ने समाजसेवा के प्रति मां-बेटे के जज्बे और जुनून को देखकर उन्हें अपनी कंपनी की ओर से सीएसआर के तहत हरसंभव सहयोग करने का आश्वासन दिया है। इस संबंध में दिलबाग सिंह को संप्रेषित संदेश में रिटायर्ड वाइस एडमिरल नारायण प्रसाद ने कहा है कि वैश्विक आपदा (कोरोना संक्रमण काल) के विषम परिस्थितियों में भी मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए हमें आप जैसे लोगों पर गर्व है। संकट के इस दौर में पीड़ित मानवता की सेवा के प्रति आप सबों का समर्पण सराहनीय ही नहीं, बल्कि अनुकरणीय भी है। उन्होंने श्री सिंह का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें यथासंभव सहयोग करने की बात कही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0