गया रेलवे स्टेशन पर 14.835 किलो चांदी के आभूषण बरामद, एक व्यक्ति हिरासत में
ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ की कार्रवाई, बरामद चांदी की अनुमानित कीमत 36.34 लाख रुपये
गयाजी। पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत गया रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई करते हुए 14.835 किलोग्राम चांदी के आभूषण एवं चांदी बरामद की है। इस मामले में पश्चिम बंगाल के एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को सूचना दी गई है। बरामद चांदी की अनुमानित कीमत 36,34,575 रुपये बताई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को आरपीएफ गया के निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव के निर्देशन में आरपीएफ के अधिकारी एवं जवान गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली छोर स्थित फुट ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति पीठ पर बैग लेकर प्लेटफॉर्म संख्या छह और सात की ओर जाता दिखाई दिया। संदेह होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम जमशेद अली मलिक (36 वर्ष), निवासी ग्राम उदयचक, थाना दासपुर, जिला पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल बताया। उसके बैग की जांच करने पर उसमें 14.835 किलोग्राम चांदी के आभूषण एवं चांदी मिली। संबंधित चांदी के स्वामित्व एवं परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज वह मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए चांदी को जब्त कर व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। मामले की सूचना आयकर विभाग, पटना को दी गई। आयकर विभाग की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में आरपीएफ गया के उपनिरीक्षक इंद्र कुमार, प्रधान आरक्षक सचिंद्र कुमार, आरक्षक अमित कुमार, शशि शेखर एवं मुकेश कुमार के साथ सहायक उपनिरीक्षक अनिल कुमार चौधरी तथा सीपीडीएस गया के उपनिरीक्षक मुकेश कुमार शामिल थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





