भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ EOU की कार्रवाई तेज, आर्थिक अपराध इकाई के दफ्तर पहुंचे DRDA निदेशक, पूछताछ जारी
यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में की जा रही है। इससे पहले भी मंगलवार को EOU ने उन्हें बुलाया था लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए थे।
PATNA : भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ EOU ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में आय से अधिक संपत्ति के मामलों में EOU ने सहरसा के डीआरडीए निदेशक वैभव कुमार को पूछताछ के लिए तलब किया है, जिसके बाद वे पटना स्थित EOU दफ्तर पहुंचे हैं, जहां पिछले कुछ घंटों से EOU की पांच सदस्यीय टीम लगातार पूछताछ कर रही है।
यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में की जा रही है। इससे पहले भी मंगलवार को EOU ने उन्हें बुलाया था लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए थे। पिछले मंगलवार को EOU की टीम ने मुजफ्फरपुर और सहरसा सहित कुल छह ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान अधिकारियों को 16 संपत्तियों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले। छापेमारी में पटना और मुजफ्फरपुर में स्थित कई कीमती जमीन के प्लॉट सहित अन्य संपत्तियों के दस्तावेज बरामद हुए हैं।
जांच एजेंसियों के मुताबिक वैभव कुमार के खिलाफ 2.41 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला पहले ही दर्ज किया जा चुका था। छापेमारी में मिले साक्ष्य इस मामले को और मजबूत कर रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि वैभव कुमार ने मुजफ्फरपुर के हरिशंकर मनियारी गांव में 'ऐश्वर्या मैक्स ग्लो आईटीआई' नाम से एक प्रशिक्षण संस्थान स्थापित किया है। इस संस्थान के निर्माण और वर्कशॉप पर लगभग डेढ़ करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
यह संस्थान एक चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से संचालित हो रहा है, जिसमें उनके पिता को प्रबंधक बनाया गया है। संस्थान के लिए एक बीघा जमीन वार्षिक लीज पर ली गई है, जिसका उपयोग खेल मैदान के रूप में किया जा रहा है।
छापेमारी के दौरान वैभव कुमार और उनकी पत्नी के बैंक खातों में 20 लाख रुपये से अधिक की राशि जमा मिलने की पुष्टि हुई है। इसके बाद ईओयू ने संबंधित खातों और लॉकर को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच एजेंसी को यह भी पता चला है कि वैभव कुमार ने अपने स्वजनों के नाम पर पटना और मुजफ्फरपुर में 16 भूखंड खरीद रखे हैं। इसके अलावा उनके पास दो वाहन भी पाए गए हैं, जिनमें एक टाटा नेक्सन शामिल है। साथ ही शेयर बाजार और बीमा कंपनियों में निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











