बांका में 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार हुआ बिजली विभाग का इंजीनियर, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई

Jun 1, 2026 - 17:58
बांका में 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार हुआ बिजली विभाग का इंजीनियर, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई

BANKA : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। ताजा मामला बांका जिले से सामने आया है, जहां निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने रजौन के सहायक विद्युत अभियंता बिजेंद्र कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है।

वाणिज्यिक कर से बचाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार सहायक विद्युत अभियंता बिजेंद्र कुमार पर आरोप है कि उन्होंने एक उपभोक्ता से बिजली के वाणिज्यिक कर से राहत दिलाने के नाम पर 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की थी।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद अधिकारियों ने आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष योजना बनाई।

जाल बिछाकर की गई गिरफ्तारी

शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत कार्रवाई करते हुए बिजेंद्र कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई। निगरानी अधिकारियों की टीम मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

निगरानी थाना में दर्ज हुआ मामला

इस मामले में निगरानी थाना में कांड संख्या 64/26 दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। गरानी ब्यूरो की इस कार्रवाई के बाद भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच खलबली मच गई है। वहीं बिजली विभाग में भी इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0